दिल्ली में कांग्रेस-आप के बीच गठबंधन के आसार, 3-3 पर सहमति के कयास लगाए जा रहे

नई दिल्ली,लोकसभा चुनाव की तारीखों का अगले हफ्ते किसी भी समय ऐलान हो सकता है। इसी के मद्देनजर दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस में गठबंधन को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज दोपहर 12 बजे दिल्ली पार्टी नेताओं की इस मसले पर बात करने के लिए बैठक बुलाई है। बैठक में कांग्रेस महसाचिव प्रियंका गांधी और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित के भी शामिल होने की खबरें हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में आप के साथ गठबंधन करने या न करने को लेकर अंतिम फैसला हो सकता है। मीडिया के अनुसार दोनों दलों में सीटों पर समझौता हो चुका है। जानकारी के अनुसार दिल्ली में कांग्रेस 3 और आप 3 पर चुनाव लड़ने पर सहमत हो गई है जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के लिए छोड़ा गया है। ज्ञात हो कि आप ने लोकसभा चुनावों के लिए अपने 6 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर कांग्रेस पर दबाव बनाने की कोशिश की थी। हालांकि उम्मीदवारों के नाम की घोषणा के बाद भी आप ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की उम्मीदों को पार्टी ने छोड़ी नहीं थी। पाकिस्तान में भारतीय वायुसेना के एयर स्ट्राइक के बाद बदले माहौल ने भी दोनों पार्टियों में गठबंधन की खबरों को हवा दे दी है।
मालूम हो कि आप लंबे अरसे कांग्रेस के साथ गठबंधन करने पर जोर दे रही है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल तो यहां तक कह चुके थे कि हम तो तैयार हैं लेकिन कांग्रेस इसके लिए तैयार नहीं है। अब बदले माहौल के बाद कांग्रेस की तरफ से गठबंधन को लेकर गंभीर चर्चा शुरू होने की खबरें हैं। जानकारी के अनुसार कांग्रेस और आप के बीच समझौता हो गया है। 3+3+1 डील फाइनल हो चुकी है। एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के लिए छोड़ा गया है। इस एक सीट पर यशवंत सिन्हा के लड़ने की खबरें हैं। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने हाल के कई बयानों में कहा था कि कांग्रेस दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी कार्यकर्ता और नेता भी अकेले चुनाव लड़ने की ही वकालत कर रहे थे। लेकिन आज की बैठक के बाद गठबंधन पर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार आप दिल्ली ही नहीं बल्कि पंजाब में भी कांग्रेस के साथ गठबंधन करना चाहती है। सूत्रों ने बताया कि पंजाब की 13 सीटों में से आप ने 4 सीटों पर लड़ने की इच्छा जताई है और बाकी सीटें उसने कांग्रेस के लिए छोड़ने का प्रस्ताव दिया है। माना जा रहा है कि इस बैठक में राहुल गांधी यूपी में गठबंधन को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं। खबरों के मुताबिक एसपी-बीएसपी के प्रस्ताव पर पार्टी इस बैठक में चर्चा कर सकती है। आम आदमी पार्टी ने शनिवार को दिल्ली की कुल 7 सीटों में से 6 पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया था। दूसरी तरफ वेस्ट दिल्ली सीट के लिए कैंडिडेट घोषित न करके, आप ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावनाओं को जिंदा रखने के भी संकेत दिए थे। आम आदमी पार्टी ने नई दिल्ली संसदीय सीट से बृजेश गोयल को कैंडिडेट बनाया है। ईस्ट दिल्ली से आतिशी मर्लिना, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से दिलीप पांडेय, साउथ दिल्ली से राघव चड्ढा, चांदनी चौक से पंकज गुप्ता और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली से गुगन सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *