उत्तर भारतीयों पर हमले से यूपी-बिहार में सरगर्मी नितीश के बाद योगी ने की रूपाणी से बात

लखनऊ,गुजरात में उत्तर भारतीयों पर विशेष तौर से यूपी,बिहार और एमपी के लोगों पर हुए हिंसक हमलों से यहाँ के लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है,हमलों की वजह से मामला बेहद गर्म हो गया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के बाद अब उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुजरात के सीएम विजय रुपाणी से बात की है।
योगी आदित्यनाथ ने विजय रूपाणी से फोन पर बात कर कहा है कि उत्तर भारतीय डर कर गुजरात छोड़ रहे हैं और इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। इसके पहले बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी विजय रूपाणी से बात की थी। गुजरात के साबरकांठा में एक रेप की वारदात के बाद से ही उत्तर भारतीयों पर स्थानीय लोग हमले कर रहे हैं क्योंकि रेप का आरोपी बिहार का रहने वाला है। इस विषय पर गुजरात के सीएम विजय रूपाणी ने बात करते हुए कहा है कि जब रेप के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तो निर्दोष लोगों पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जा सकते हैं। लेकिन जो दोषी है सरकार उस छोड़ेगी नहीं और उसपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गुजरात में बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लोगों पर हुए हमलों के बाद लोग पलायन के लिए मजबूर हो रहे हैं। इसके पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि पूरी घटना पर हमारी नजर बनी हुई है। उन्होंने कहा,मैंने इस संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री से कल बात की। हम संपर्क में बने हुए हैं। पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। जिसने भी अपराध किया उस बख्शा नहीं जाना चाहिए। लेकिन जो निर्दोष हैं उनके साथ गलत नहीं होना चाहिए। इसके अलावा कांग्रेस के नेता अहमद पटेल ने भी कहा है कि अगर 1-2 लोग अपराध करते हैं तो सभी को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। जो लोग निर्दोष हैं उनकी रक्षा की जानी चाहिए। राज्य सरकार को जांच करनी चाहिए और इस समस्या का समाधान ढूंढना होगा।
क्या है मामला
28 नवंबर को गुजरात के साबरकांठा में नाबालिग लड़की से रेप के आरोप में बिहार के एक मजदूर को गिरफ्तार किया गया था। इसी गिरफ्तारी के बाद स्थानीय संगठनों ने बिहार,यूपी और मध्यप्रदेश के लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। कई जगहों पर धमकियां दी गई और हमले किये गए। जिसके बाद डर के कारण हजारों लोग गुजरात छोड़ चुके हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मांगी गुजरात से रिपोर्ट
इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुजरात के विजय रुपाणी सरकार से रिपोर्ट भी मांगी है। सूत्रों के मुताबिक, गुजरात सरकार ने केंद्र से कहा है कि दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *