24 घंटे से टापू पर फंसे लोगों को बचाने बुलाया हेलीकॉप्टर

भोपाल/सागर,मध्य प्रदेश में आसमान से बरस रही आफत ने जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। कई जिलों में भारी बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। हर तरफ पानी पानी दिखाई दे रहा है। सबसे अधिक सागर जिले में हालत ख़राब है। यहां मंगलवार रात से ही बारिश का दौर जारी है जिससे नदियां उफान पर हैं। भारी बारिश से राहतगढ़-सागर मार्ग बंद हो गया, टूटी चौकी गांव के पुल व सड़क पर पानी आने से यातायात बाधित हो गया है। इसके अलावा सागर-भोपाल, सागर-विदिशा, बंडा-बहरोल, मालथौन-खुरई मार्ग बंद हो गया है। धसान नदी के पुल पर पानी होने की वजह से आधी रात से सागर-बीना मार्ग बंद हो गया है। दमोह में भी भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रायसेन, विदिशा में भी भारी बारिश से आवागमन ठप हो गया है।
सागर जिले में रात से हो रही बारिश के चलते नरयावली थाना अंतर्गत जेरई पंचायत की लोटंनी ग्राम में 70 वर्षीय वृद्ध के धसान नदी में बहने की खबर है। राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुँच गया। आस पास के गांव और कस्बो में पानी भरा होने से अधिकतम मार्ग बंद हो गए हैं।
खुरई में टापू पर फंसे तीन लोग, हेलीकाप्टर बुलाया
खुरई में तेज बारिस से बीना नदी उफान पर है। मझेरा गांव के पास बीना नदी पर बने टापू में 3 लोग फंसे हुए हैं। खेत में काम करने गए पति-पत्नी और एक अन्य व्यक्ति नदी में अचानक बाढ़ आने से फंस गए। 24 घंटे से फंसे लोगों को वहां से निकालने के लिए प्रशासन ने स्टेट डिजास्टर रिलीफ फोर्स (एसडीआरएफ) से मदद मांगी है। रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ ने बचाव हेलीकॉप्टर रवाना कर दिया है। जो लोग फंसे हैं उनके जगन पटेल, उसकी पत्नी और जगन्नाथ पटेल है, यह मंगलवार शाम को खेत पर काम करने गए थे। तभी तेज बारिश के कारण बीना नदी में बाढ़ आ गई।
रायसेन-विदिशा रोड पर पुलिया बही
रायसेन विदिशा में भी तेज बारिश से हालात ख़राब हैं। नेशनल हाइवे 146 रायसेन-विदिशा मार्ग पर एक अस्थाई पुलिया पानी में बह गई। इलाके में हो रही तेज बारिश से यहां बाढ़ आ गई थी। पुलिया बहने के बाद रायसेन-विदिशा मार्ग करीब 36 घंटे से भी ज्यादा समय से बंद है। रायसेन की निचली बस्तियों के घरों में पानी भर गया। जिससे घर में रखा सारा सामान डूब गया। लोग घरों में निकलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जा रहा है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आगले दो दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के भोपाल, सीहोर, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, होशंगाबाद, हरदा, बैतूल, बालाघाट, मंडला, सिवनी, अनूपपुर, डिंडोरी, सागर, दमोह, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, आगर, शाजापुर, देवास एवं खंडवा में अगले 48 घंटे में भारी वर्षा की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *