लोग क्यों मरे,देश जानना चाहता है व्यापमं का सच क्या है?-अखिलेश

भोपाल,दो दिनों के लिए भोपाल प्रवास पर आये समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिवराज सरकार पर आज निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश की तरह ही मध्यप्रदेश में भी डबल एजिंन वाली सरकार चल रही है और ये सरकारें जनता को भ्रमित कर रही हैं, किसानों, युवाओं को धोखा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापमं मामले का सच पूरा देश जानना चाहता है। इस घोटाले में आखिर ऐसा क्या था कि इतने लोग मारे गए।
अखिलेश यादव आज सुबह दो दिवसीय प्रवास पर मध्यप्रदेश आए और उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर मीडिया से चर्चा की। चर्चा के दौरान जमकर शिवराज सरकार पर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि उत्तरप्रदेश की तरह ही मध्यप्रदेश में भी डबल एजिंन वाली सरकार चल रही है। ये सरकारें केवल भ्रम फैलाना जानती है। यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार ने इतने साल तक शासन किया, मगर किसानों की दुर्दशा को दूर नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में किसान आज भी परेशान घूम रहा है और आत्महत्या कर रहा है। महिला अत्याचार मामले में मध्यप्रदेश देश में अव्वल है, प्रथम स्थान पर है, मगर सरकार को इस बात की चिंता नहीं। युवाओं की परेशानी सरकार को नही दिख रही है।
सड़कों की स्थिति को लेकर अखिलेश ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री भले ही प्रदेश की सड़क की तुलना अमेरिका से करें, मगर मेरा मानना है कि हमने (समाजवादियों) ने जो काम किए वे काम भाजपा की सरकारों ने नहीं किए। उन्होंने कहा कि हमने उत्तरप्रदेश में ऐसी सड़क बनाई, जिस पर इमरजेंसी में विमान की लेंडिंग कराई जा सकती है। मगर भाजपा ने यह काम रुकवा दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कहीं ऐसी सड़क है क्या? उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में समाजवादी ने एक्सप्रेस वे बनवाया। जिसका दोबारा शिलान्यास, उद्घाटन किया गया। यादव ने कहा कि किसानों को सुविधा देने के नाम पर सरकार केवल आश्वासन देती है, मगर उसे पूरा नहीं करती है। उन्होंने डिजीटल नफरत फैलाती है भाजपा अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा डिजीटल नफरत फैलाने वाली पार्टी है। सोशल मीडिया का उपयोग जोड़ने के लिए होता रहा, मगर भाजपा इसे नफरत फैलाने के लिए उपयोग कर रही है। यादव ने कहा कि समावादी डिजीटल फोर्स भाजपा के सोशल मीडिया का पलटवार करेगी और करारा जवाब भी देगी।
मध्यप्रदेश में कांग्रेस के साथ चुनाव में गठबंधन को लेकर जब अखिलेश यादव ने पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कमलनाथ के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। बसपा के साथ मध्यप्रदेश में कांग्रेस के गठबंधन को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वे बोल देते हैं, हम चुप रहते हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जाने पर उन्होंने कहा कि हम तैयार है, वे सिर्फ तारीख तो बताएं हमारी पूरी तैयारी है। भाजपा कभी तारीख नहीं बताती। कर्नाटक के मुख्यमंत्री का गठबंधन को लेकर मीडिया में आए बयान पर उन्होंने कहा कि मैं उन्हें बधाई देता हूं। गठबंधन करके राजनीति करना हिम्मत वाले राजनेता का ही काम होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *