भोपाल,कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार को राजधानी भोपाल पहुंचे। 2 घंटे के अल्प प्रवास के दौरान शाह ने भेल दशहरा मैदान पर आयोजित प्रदेश स्तरीय विस्तारित बैठक में कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव में जीत का मंत्र दिया। इस दौरान शाह ने कांग्रेस और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। मध्यप्रदेश में जीत के दावे पर शाह ने कहा कि राहुल बाबा को कांग्रेस का अस्तित्व दूरबीन लेकर खोजना पड़ेगा, जीत को दूर की बात है। शाह ने आगे कहा- कांग्रेस के जो नेता हमें देख रहे हैं, मैं उन्हें इस मंच के माध्यम से बताना चाहता हूं कि आप में दम नहीं है कि बीजेपी को हरा सको। शाह ने कहा कि राहुल बाबा को मैं बताना चाहता हूं कि मप्र तो बीजेपी संगठन का गढ़ है। यहां बीजेपी की पैठ अंगद के पैर की तरह है, जिसे उखड़ फेंकना कांग्रेस के बस की बात नहीं है।
इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 6 हजार पदाधिकारी-कार्यकर्ता पहुंचे थे। पार्टी के 58 जिलाध्यक्ष और 800 से ज्यादा मंडल अध्यक्षों को बुलाया गया था। प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप के सदस्य, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, सांसद, विधायक, जिला पदाधिकरी, मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, विभिन्न मोर्चे के पदाधिकारी शामिल हुए।
जीत का मंत्र : 65 लाख कार्यकर्ता 5 दिन भी प्रचार करें जो जीत निश्चित
शाह ने अपने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि संगठन में काम करते हुए जन-जन तक हमें जाना होगा। हमें बूथ ल लेवल पर काम करना होगा। शाह ने कहा- मैं खुद हर जिले में जाऊंगा और बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं के बीच बैठूंगा। मप्र में हमारे एक करोड़ से ज्यादा कार्यकर्ता बने हैं। उसमें से 65 लाख कार्यकर्ताओं का हमारे पास पूरा डाटा है। यदि 65 लाख कार्यकर्ता पांच दिन भी चुनाव प्रचार करते हैं तो हमें जीत से कोई रोक नहीं सकता। विजय का अंतर इतना बड़ा हो कि विरोधियों की नींद उड़ जाए। उन्होंने कार्याकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस को मूल समेत उखाड़कर फेंक दें।
कमलनाथ-सिंधिया पर तंज, राजा-महाराजा मैदान में
शाह ने कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसते हुए कहा कि राजा-महाराजा को लेकर मैदान में उतरे हैं, डरने की जरूरत नहीं हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एमपी में लड़ाई कॉर्पोरेट घराने और किसानों के बीच की है।
कांग्रेस ने दुनिया में हिंदू संस्कृति को बदनाम किया
शाह ने भगवा आतंकवाद का जिक्र करते हुए कांग्रेस को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक फर्जी केस के जरिए भगवा आतंकवाद नाम देकर हिंदू संस्कृति को दुनियाभर में बदनाम किया। अब जब कोर्ट ने पूरे मामले को ही नकार दिया है तो कांग्रेस चुप क्यों हैं। राहुल गांधी 2014 के लोकसभा चुनाव में देशभर में घूम-घूमकर भगवा आतंकवाद रट रहे थे। अब तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए, लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे। हमें ही जन-जन तक उनके इस कारनामे को पहुंचाना होगा।
मुख्यमंत्री ने मोदी-शाह की तारीफ में बांधे पुल
नरेंद्र मोदी वरदान की तरह, शाह के नेतृत्व में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी
मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- मेरे कुर्सी छोडऩे वाले बयान पर कांग्रेसी उछल पड़े। उन्होंने सपने देखना भी शुरू कर दिया था, पर इनका सपना कभी पूरा नहीं होगा। सीएम ने अमित शाह की जमकर तारीफ की। उन्होंने अमित शाह को भारत की राजनीति का चमत्कार बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी। हमारे प्रधानमंत्री देश ही नहीं दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। मोदी जी देश के लिए ईश्वर का वरदान हैं। गरीबों, विकास के लिए जितनी तड़प मोदी जी में है, शायद किसी नेता में हो।
भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह बोले
2003 की भयानक तस्वीर जनता के सामने लाएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि हम शून्य से शिखर तक आए हैं। लाखों कार्यकर्ताओं के परिश्रम और खून पसीने के कारण आज पार्टी इस स्वरूप में खड़ी है। कार्यकर्ता 2003 की भयानक तस्वीर जनता के सामने लेकर जाएं।
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा
शाह का भाषण अहंकारी, जनता बताएगी भाजपा कितने पानी में
शाह के बयान पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया है। मध्यप्रदेश नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने शाह के भाषण को अहंकारी और असंवेदनशील करार दिया है। उन्होंने कहा आत्ममुग्ध भाजपा को कर्नाटक और बाद में मध्यप्रदेश सहित चुनावी राज्यों में जनता बताएगी कि वह कितने पानी में है। यहां भाजपा की हार सुनिश्चित हो चुकी है। नेता प्रतिपक्ष ने अमित शाह पर हमला बोलते हुए कहा शाह का पूरा भाषण दंभ से भरा था । विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाले भाजपाध्यक्ष का भाषण संकीर्णता से भरा हुआ था। भारतीय संस्कृति और संस्कार की बात करने वाली भाजपा के अध्यक्ष अपने प्रतिपक्ष के मरने की कामना और आह्वान कर रहे हैं। जिस संस्कृति में वे स्वयंभू ठेकेदार बताते हैं वह तो सिखाती है कि विश्व का कल्याण हो, प्राणियों में सद्भावना हो जबकि आचरण इसके विपरीत है।
भाजपा नेत्री की साड़ी से हाथ पोंछने और विषकन्या कहने वाले विधायक फंसे
नीता पटेरिया बोलीं- कुसंस्कारी विधायक के भाजपा में आने से आहत हूं
गुरुवार देर रात भाजपा में शामिल होने वाले सिवनी के निर्दलीय विधायक दिनेश राय मुनमुन भाजपा अध्यक्ष शाह से मिले। दिनेश राय भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कटु आलोचक रहे हैं, वहीं खुले मंच पर भाजपा की पूर्व सांसद नीता पटेरिया की साड़ी के पल्लू से हाथ पोछते हुए कैमरे में कैद हुए थे। पिछले साल स्थानीय निकाय के चुनाव नतीजों के बाद मुनमुन राय ने भाजपा नेता नीता पटेरिया को राजनीति की विष कन्या कहा था। शुक्रवार को नीता पटेरिया ने कहा कि मुनमुन के भाजपा में शामिल होने से मैं आहत हूं।
राहुल को कांग्रेस का अस्तित्व दूरबीन लेकर खोजना पड़ेगा, जीत तो दूर की बात है