लखनऊ,उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जिन्ना ने हमारे देश का बंटवारा किया है और भारत में जिन्ना का महिमामंडन बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। कर्नाटक दौरे से पूर्व एक निजी चैनल से बातचीत में सीएम योगी ने कहा कि एएमयू में जिन्ना की तश्वीर मामले में जांच के आदेश दिए हैं, जल्द ही इसकी रिपोर्ट मिल जाएगी। रिपोर्ट मिलते ही वह इस मामले में ऐक्शन लेंगे। इससे पहले डेप्युटी सीएम केशव मौर्य ने भी बुधवार को कहा था कि जिन्ना की वजह से देश का विभाजन हुआ है, जिसका दर्द आज हर भारतीय झेल रहा है।
योगी ने रामजन्मभूमि को लेकर किए गए एक सवाल पर कहा कि अभी मामला सुप्रीम कोर्ट में है, कोर्ट ने इसे बाबरी मस्जिद विवाद नहीं कहा है। यह मामला आस्था का नहीं बल्कि भूमि बंटवारे का विवाद है। हमें धैर्य रखने की जरूरत है। समय आ गया है कि जब राम जन्मभूमि संबंधित विवाद का समाधान होना चाहिए। हम इसके बारे में कोई घोषणा नहीं कर सकते हैं, लेकिन कोर्ट में सुनवाई शुरू होना बड़ी बात है। जब योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि क्या राम मंदिर बनेगा तो उन्होंने कहा कि हम लोग आशावादी हैं, हमारा मानना है कि व्यापक जनभावना का सम्मान होना चाहिए।
जिन्ना ने देश का बंटवारा किया,उसका गुणगान बर्दाश्त नहीं – योगी