रांची,झारखंड के खड़गपुर-टाटा रेलखंड में खेमासोली-सरडीहा रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी की चपेट में एक हाथी के आ जाने से उसकी मौत हो गयी। हादसे के बाद मुंबई-खड़गपुर रेलखंड पर अपलाइन घंटों बाधित रही। जिसके कारण पुरुषोतम, उत्कल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खेमासोली-सरडीह रेलवे स्टेशन के बीच आज सुबह झुंड से भटक कर एक जंगली हाथी रेलवे ट्रैक पर आ गया और तेज रफ्तार में आ रहे एक मालगाड़ी के इंजन से टकरा गया। ट्रेन से टकराने के बाद हाथी करीब आधा किलोमीटर तक इंजन में फंस कर घसीटता चला गया। जिसके कारण इस रेलखंड पर दो घंटे तक यातायात प्रभावित रही।
घटना की सूचना मिलने पर रेलवे और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। इसके बाद यहां से आवागमन फिर से शुरु हुआ।वहीं इस दौरान पुरुषोत्तम एक्सप्रेस और टाटा-पुरुलिया ट्रेन समेत अन्य यात्री रेलगाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर रुकी रही। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथी रेल पटरी को क्रॉस कर रहा था, इसी तरह मालगाड़ी के इंजन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। बताया गया है कि सुबह में थोड़ा धुंध रहने के कारण मालगाड़ी के चालक की नजर उस पर नहीं पड़ी, जिसके उसने हॉर्न भी नहीं बजाया और यह हादसा हो गया।
मालगाड़ी के इंजन में फंसा हाथी करीब आधा किमी घसीटता चला गया,मौत