मुंबई ,लगता है कि कंगना रनौत के लिए यह वक्त सही नहीं चल रहा है। हाल ही में आई उनकी फिल्म ‘सिमरन’ बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर सकी। वहीं, अब रिलेशनशिप को लेकर जो खुलासे उन्होंने एक टीवी इंटरव्यू के दौरान किए थे, वह अब उन्हीं पर भारी पड़ते दिख रहे हैं। दरअसल, आदित्य पंचोली और उनकी पत्नी जरीना वहाब ने कंगना को आपराधिक मानहानि का नोटिस भेजा है। जरीना का कहना है कि हम चाहते हैं कि जिस तरह कंगना ने हमें दुख पहुंचाया है, उसके लिए वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। बीते दिनों ‘सिमरन’ के प्रमोशन के दौरान कंगना ने एक टीवी इंटरव्यू में आदित्य पर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया था। उसके बाद से ही दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोपों का दौर चल रहा है। जरीना वहाब ने कहा, कंगना ने सारी हदें पार दीं। क्या जरुरत थी, ये सब बातें करने की। जिन लोगों ने उनकी मदद की, उन पर कीचड़ उछालने के बजाए उन्हें पुरानी बातों को भूल जाना चाहिए था। रितिक और उनके पिता के पक्ष में बोलते हुए जरीना ने कहा, वे सभ्य लोग हैं। उन पर इस तरह का कीचड़ नहीं उछालना चाहिए। मैं रितिक के पिता को कई साल से जानती हूं। हमने साथ में फिल्मों में काम किया है। वह सज्जन और एक अच्छे सह-कलाकार हैं और उसी तरह रितिक भी हैं। वह जब भी मुझे कमरे में आते देखते हैं, आदर और सम्मान में खड़े हो जाते हैं।’ जरीना ने कहा, कंगना ने तब सही में अपनी हदें पर कर दीं, जब मेरी बेटी का नाम लिया। मुझे और आदित्य दोनों को यह लगा कि इसके लिए कंगना को माफी मांगनी चाहिए। वह भूल गईं कि मैंने और मेरे पति ने उनकी कितनी मदद की थी, जब वह मुंबई में नई थीं। निर्मल (आदित्य) ने कंगना को कई निर्माताओं से मिलवाया था। मुझे नहीं लगता कि आदित्य ने हमारी अपनी बेटी के करियर के लिए इतना किया होगा, जितना कंगना के लिए किया।
आदित्य पांचोली ने कंगना को भेजा नोटिस