लखनऊ की चार मंजिला इमारत में लगी आग, छात्रों ने खिड़कियों से कूदकर बचाई जान

लखनऊ, राजधानी में उस समय हड़कंप मच गया जब चार मंजिला इमारत में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस दौरान दूसरी मंजिल पर बनी कोचिंग में छात्र पढ़ रहे थे। आग लगने के कारण नीचे जाने का रास्ता ब्लॉक हो गया और छात्र भागकर तीसरी मंजिल पर पहुंच गए। जिसके बाद खिड़की से कूदकर दूसरी बिल्डिंग की छत पर पहुंचकर छात्रों ने अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक मामला अलीगंज कपूरथला का है। जहां अमीनाबाद निवासी सुफेद हुसेन की चार मंजिला इमारत सदफ सेंटर में कई ऑफिस, शोरूम और कोचिंग हैं। बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर टी-ट्राउंस नाम से इंग्लिश स्पीकिंग और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट का कोर्स चलता हैं। जिसके संचालक मनोज गुप्ता हैं। संचालक ने बताया क्लास में करीब 30 छात्र पढ़ाई कर रहे थे। तभी सीढ़ी पर लगी एमसीवी में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। हड़कंप से पहली मंजिल के सभी लोग बाहर निकल गए। दूसरी मंजिल पर कोचिंग क्लास रूम में धुआं भरने लगा। क्लास रूम में फंसे छात्र भागते हुए बिल्डिंग के तीसरी मंजिल पर पहुंचे।
जिसके बाद खिड़की से कूदकर दूसरी बिल्डिंग की छत पर पहुंचकर छात्रों ने अपनी जान बचाई। आग लगने पर स्थानीय लोगों ने 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियों के साथ पहुंची। लेकिन दूसरी मंजिल पर फंसे छात्रों को बचाने की कोशिश नहीं की गई। इंदिरानगर फायर ब्रिगेड के ऑफिसर उमाकांत सिंह ने बताया कि 8:25 पर हमें सूचना मिली। फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बिल्डिंग में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। ऊपर की मंजिल में धुआं भर जाने से लोग दूसरी बिल्डिंग की छत पर सुरक्षित उतर गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *