बाढ़ प्रभावितों से मिलने आये कृषि मंत्री तोमर को विरोध के बाद वापस लौटना पड़ा

 

श्योपुर, मध्यप्रदेश के चंबल अंचल में भारी बारिश के चलते आई बाढ़ ने पूरे क्षेत्र का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया श्योपुर जिले में तो बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। हजारों लोग बाढ़ के कारण बेघरवार हो गए हैं। उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। शनिवार को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बाढ़ पीड़ितों से मिलने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा। राहत कार्यों में बरती जा रही लापरवाही को लेकर लोगों ने मंत्री का विरोध किया है। बाढ़ पीड़ितों ने मंत्री की गाड़ी के आगे खड़े होकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने मंत्री की गाड़ी को घेरकर उस पर मुक्के भी मार दिए। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में विरोध को देखते हुए मंत्री को उल्टे पैर वापस लौटना पड़ा। लोगों के आरोप हैं कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामाग्री नहीं मिल रहे हैं।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का श्योपुर संसदीय क्षेत्र है। वह शहर के गणेश बाजार पहुंचे थे। मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की मुस्तैदी भी खूब थी। वहीं, सरकारी इंतजाम से गुस्साए बाढ़ पीड़ितों ने बवाल खड़ा कर दिया। केंद्रीय मंत्री की गाड़ी को रोक मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। साथ ही गो बैक भी नारे लगाए। बाढ़ प्रभावित महिलाओं ने उनकी गाड़ी के आगे खड़ा होकर गाड़ी को पीटना शुरू कर दिया। साथ ही युवाओं ने नारेबाजी करते हुए पुलिस बल और बीजेपी नेताओं के साथ धक्कमुक्की की है। पुलिस बल की मौजूदगी में मंत्री तोमर ने गाड़ी से उतरकर बस्ती में जाने की कोशिशें की, लेकिन लोगों के आक्रोश के सामने उन्हें भारी पुलिस फोर्स के बीच वापस लौटना पड़ा। हालात बिगड़ते देख केंद्रीय मंत्री वापस लौट कर अधिकारियों की बैठक में चले गए। गौरतलब है कि यहां दो दिन पहले राहत कार्य नहीं शुरू होने से नाराज पीड़ितों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी बैरंग लौटा दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *