पीएम मोदी ने वाराणसी के लोगों को दी 205 परियोजनाओं की सौगात

वाराणसी, महादेव की नगरी काशी के लोगों के लिए आज का दिन सौगातों भरा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 205 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करने से पहले ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज काशी के विकास से जुड़े 15,00 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण करने का अवसर मुझे मिला है। बनारस के विकास के लिए जो कुछ भी हो रहा है वो सबकुछ महादेव के आशीर्वाद और बनारस की जनता के प्रयास से ही जारी है। उन्होंने कहा कि बीते कुछ महीने हम सभी के लिए बहुत मुश्किल भरे रहे हैं। कोरोना वायरस के बदले हुए और खतरनाक रूप ने पूरी ताकत के साथ हमला किया था। लेकिन काशी सहित यूपी ने पूरे सामर्थ्य के साथ इतने बड़े संकट का मुकाबला किया। पीएम मोदी ने कहा कि देश का सबसे बड़ा प्रदेश जिसकी आबादी दुनिया के दर्जनों बड़े-बड़े देशों से भी ज्यादा हो, वहां कोरोना की दूसरी लहर को जिस तरह यूपी ने संभाला, कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका वो अभूतपूर्व है।
उन्होंने कहा कि मैं काशी के अपने साथियों का, यहां शासन-प्रशासन से लेकर कोरोना योद्धाओं की संपूर्ण टीम का विशेष रूप से आभारी हूं। आपने दिन-रात जुटकर जिस प्रकार काशी में व्यवस्थाएं खड़ी कीं, वो बहुत बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश पूरे देश में कोरोना की सबसे ज्यादा टेस्टिंग करने वाला राज्य है। आज उत्तर प्रदेश पूरे देश में सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन करने वाला राज्य है। पीएम मोदी ने कहा कि साफ-सफाई और स्वास्थ्य से जुड़ा जो इंफ्रास्ट्रक्चर उत्तर प्रदेश में तैयार हो रहा है। आज उत्तर प्रदेश में गांवों के स्वास्थ्य केंद्र हों, मेडिकल कॉलेज हों, एम्स हो, मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में अभूतपूर्व सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभी प्रदेश में करीब 550 ऑक्सीजन प्लांट्स बनाने का काम तेजी से चल रहा है। आज बनारस में 14 ऑक्सीजन प्लांट्स यहां लोकार्पण भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि काशी नगरी आज पूर्वांचल का बहुत बड़ा मेडिकल हब बन रही है। जिन बीमारियों के इलाज के लिए कभी दिल्ली और मुंबई जाना पड़ता था, उनका इलाज आज काशी में भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि काशी के मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में आज कुछ और कड़ियां जुड़ रही हैं। आज महिलाओं और बच्चों की चिकित्सा से जुड़े नए अस्पताल काशी को मिल रहे हैं। इसमें से 100 बेड की क्षमता बीएचयू में और 50 बेड जिला अस्पताल भी जुड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *