पूर्व क्रिकेटर यशपाल शर्मा का हृदय गति रुकने से निधन

नई दिल्ली, भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर यशपाल शर्मा का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 66 साल के थे। यशपाल 1983 की विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य रहे थे। उन्होंने भारतीय टीम की ओर से 37 एकदिवसीय और 42 टेस्ट मैच खेले थे। वह साल 1979 से 83 तक भारतीय मध्य क्रम के अहम बल्लेबाज थे। खेल से संन्यास के बाद वह राष्ट्रीय चयनकर्ता भी रहे। साल 2008 में उन्हें फिर से चयन पैनल में जगह दी गयी।
वह 1983 विश्व कप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी थे। उन्होंने 37 टेस्ट मैचों में 33.45 की औसत से 1606 और 42 एकदिवसीय मैचों में 28.48 की औसत से 883 रन बनाए थे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा घरेलू क्रिकेट में भी यशपाल ने जमकर रन बनाये। उन्होंने 160 फर्स्ट क्लास मैचों में 44.88 की औसत से 8933 रन बनाए। इसके अलावा 74 लिस्ट ए मैचों में 34.42 की औसत से 1859 रन बनाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *