लखनऊ,उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुये सप्ताहांत पर लगाए गए कोरोना कर्फ्यू की अवधि बुधवार को सोमवार 10 मई सुबह सात बजे तक बढ़ा दी है। सरकारी प्रवक्ता ने बुधवार को यहां बताया कि कोरोना कर्फ्यू पिछले शुक्रवार को रात आठ बजे से मंगलवार सुबह सात बजे तक लगाया गया था, जिसे तीन मई को 48 घंटे के लिये बढ़ा कर छह मई की सुबह सात बजे तक कर दिया गया था। अब इसे बढ़ कर सोमवार सुबह सात बजे तक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने फैसला प्रदेश में कोरोना संक्रमण की श्रंखला को तोड़ने के अपने प्रयासों के तहत लिया है। प्रवक्ता ने बताया कि इस इस अवधि में आवश्यक और अनिवार्य सेवाएं जैसे कि दवा, सब्जी की दुकानें, औद्योगिक इकाइयां वगैरह जारी रहेंगी,और टीकाकरण का काम भी जारी रहेगा।
विदित हो कि प्रदेश सरकार ने 29 अप्रैल को सप्ताहांत (सप्ताह के अंतिम दिनो में) कोरोना कर्फ्यू लगाने की घोषणा की थी और सरकार ने इसे लॉकडाउन का नाम नही दिया है। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने में आंशिक कोरोना कर्फ्यू प्रभावी हो रहा है। लोग स्वतः आवागमन कम कर रहे हैं। वर्तमान में छह मई की प्रातः सात बजे तक आंशिक कोरोना कर्फ्यू लागू है और अब इसे 10 मई (सोमवार) को प्रातः सात बजे तक विस्तार दिया जा रहा है और सभी जिलों में इसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
यूपी में कोरोना कर्फ्यू को सोमवार सुबह सात बजे तक के लिए बढ़ाया गया