उप्र भाजपा के सह संगठन महामंत्री भवानी सिंह का कोरोना से देहांत

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में एक हफ्ते में तीन विधायकों की मौत के बाद बुधवार को भाजपा के प्रदेश सह संगठन महामंत्री भवानी सिंह का कोरोना से निधन हो गया। भवानी सिंह की हालत बिगड़ने के बाद लखनऊ पीजीआई से एयर एम्बुलेंस से सोमवार को हैदराबाद भेजा गया था। काशी व गोरक्ष प्रांत के संगठन मंत्री भवानी सिंह पिछले दिनों कोरोना से संक्रमित हो गए थे। आननफानन उन्हें लखनऊ पीजीआई में भर्ती कराया गया। चेस्ट में संक्रमण की शिकायत बढ़ने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर सोमवार की सुबह हैदराबाद ले जाया गया है। वहां भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। बुधवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने एक ही हफ्ते में तीन विधायकों रमेश चंद्र दिवाकर, सुरेश श्रीवास्तव और केसर सिंह की कोरोना से मौत हो चुकी है। अब तक पांच विधायकों की कोरोना से जान जा चुकी है। कोरोना की पहली लहर में पिछले साल दो मंत्री चेतन चैहान व वरुण रानी भी दिवंगत हो गए थे। यूपी की 17वीं विधानसभा में अब तक एक दर्जन विधायकों की मृत्यु हो चुकी है। इनमें कम से कम 5 विधायक तो कोरोना के ही शिकार हो गए। कोविड संक्रमण के चलते ही पिछले साल व इस साल विधानमंडल सत्र भी सोशल डिस्टेंसिंग व कोविड प्रोटोकाल के तहत संक्षिप्त समय के लिए ही आहुत किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *