रोहित की सिडनी टेस्ट से होगी टीम में वापसी मयंक, हनुमा में से किसी एक को बैठना होगा बाहर

मेलबर्न, दूसरे टेस्ट में मिली शानदार जीत से उत्साहित टीम इंडिया अब सिडनी में होने वाले तीसरे टेस्ट में किस रणनीति से उतरती है यह देखना होगा। मेलबर्न टेस्ट में पांच गेंदबाजों को लेकर उतरने की भारत की रणनीति सफल रही है पर सिडनी में तीसरे टेस्ट के लिए सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की वापसी के बाद पारी की शुरूआत कौन करेगा यह देखना होगा। सलामी बल्लेबाज के तौर पर रोहित काफी बेहतर माने जाते हैं पर इस दौरे में अभी तक उन्हें अभ्यास का अवसर नहीं मिला है, ऐसे में उन्हें सीधे ही शीर्षक्रम में उतरना संभव नजर नहीं आ रहा है। वहीं मुख्य कोच रवि शास्त्री ने मेलबर्न में आठ विकेट से मिली जीत के बाद कहा था ,‘‘ हम उससे बात करेंगे और देखेंगे कि शारीरिक तौर पर क्या स्थिति है क्योंकि वह दो हफ्ते से पृथकवास पर रहे हैं। यह भी देखना होगा कि वह कैसा अनुभव कर रहा है।’’ रोहित बुधवार को मेलबर्न पहुंचकर टीम से जुड़े। शुभमन गिल ने अपने पहले टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन किया है ऐसे में रोहित की वापसी पर मयंक अग्रवाल या हनुमा विहारी में से एक को बाहर होना पड़ेगा। मयंक और हनुमा दोनो ही पहले दोनो मैचों में रन नहीं बना पाये हैं। मयंक इस श्रृंखला में लगातार खराब फॉर्म में हैं और एक ही बार दोहरे अंक तक पहुंच सके हैं। वह उतने बेहतर बल्लेबाज नजर नहीं आये जैसे 2018 के दौरे पर थे। आस्ट्रेलिया में बल्लेबाजी काफी कठिन मानी जाती है। चयन समिति के पूर्व प्रमुख एमएसके प्रसाद का मानना है कि रोहित की वापसी पर मयंक या हनुमा में से किसी एक को बाहर बैठना होगा।
उन्होंने कहा ,‘‘ मयंक को बाहर करना कठिन है क्योंकि उसने पिछले 18 महीने में शतक और दोहरे शतक बनाये हैं। रोहित लंबे ब्रेक के बाद पारी का आगाज करेंगे या नहीं, यह भी देखना होगा। हो सकता है कि वह मध्यक्रम में उतरना चाहें।’’ भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि हनुमा और मयंक दोनों को बाहर करके रोहित और केएल राहुल को उतारा जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *