मप्र में अब कम नंबर आने पर दूसरी बार भी दे सकेंगे बोर्ड की परीक्षा

जबलपुर,बोर्ड परीक्षा में कम नंबर आने पर अब विद्यार्थियों श्रेणी सुधारने के लिए दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जायेगा। मध्य प्रदेश में अब बोर्ड परीक्षाएं दो बार होंगी यानि पहली बार कम नंबर आने पर विद्यार्थी दूसरी परीक्षा दे सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10 वीं और 12 वीं के छात्रों को राहत देने का फैसला लिया है। सत्र से बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को ये सहूलियत मिलेगी। अगर छात्र बोर्ड परीक्षा में एक बार फेल हो जाता है तो तीन महीने बाद दोबारा परीक्षा दे सकता है। अब मार्कशीट पर पहले की तरह सप्लीमेंट्री नहीं लिखा होगा और फेल विषय के सामने स्टार भी नहीं लगाया जाएगा।
सप्लीमेंट्री या पूरक परीक्षा नहीं होगा नाम.
दरअसल माध्यमिक शिक्षा मंडल मुख्य परीक्षा के तीन महीने बाद फिर से एक परीक्षा आयोजित करेगा, जिसका नाम सप्लीमेंट्री या पूरक परीक्षा नहीं रखा जाएगा। किसी छात्र को कम नंबर आने पर वह भी सभी विषयों की परीक्षा दोबारा दे सकता है। हालांकि दोबारा परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थी को परीक्षा शुल्क नए सिरे से जमा करना होगा। छात्र को जिस परीक्षा में ज्यादा नंबर मिला होगा, उस परीक्षा की मार्कशीट को मान्य माना जाएगा।
सिर्फ उसी विषय में बैठने की होगी सहूलियत
माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष राधेश्याम जुलानिया ने कहा कि अगर कोई छात्र एक या दो विषय में फेल हो जाता है, तो वह तीन महीने बाद होने वाली दूसरी परीक्षा में सिर्फ उसी विषय में बैठ सकता है।
सभी विषयों में भी आजमा सकेंगे भाग्य
अगर छात्र सभी विषयों की परीक्षा देना चाहेगा तो वह दे सकेगा। इसके अलावा अगर बारहवीं में कोई विद्यार्थी  11वीं से हटकर दूसरा विषय लेकर परीक्षा देना चाहेगा, तो वह दे सकेगा। यानी 11वीं में आर्ट्स का कोई छात्र विज्ञान विषय लेकर 12वीं में पढ़ना चाहे, तो उसे इसकी इजाजत होगी। साथ ही वह परीक्षा भी दे सकेगा। अब विद्यार्थियों पर किसी भी विषय को लेकर कोई दबाव नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *