ब्रिटेन की 90 साल की महिला ने फाइजर का पहला कोविड-19 वैक्सीन लगवाया

​लंदन, घातक वायरस कोरोना से जूझ रही दुनिया में वैक्सीन के परीक्षणों के बाद ब्रिटेन की उम्रदराज 90 वर्षीय दादी मार्गरेट कीनन मंगलवार को फाइजर की कोविड वैक्सीन लगवाने वाली दुनिया की पहली शख्स बनीं। कीनन अगले सप्ताह 91 साल की हो जाएंगी। ऐसे में अपने जन्मदिन से ठीक एक सप्ताह पहले मंगलवार की सुबह 06:31 जीएमटी पर कोवेंट्री, मध्य इंग्लैंड के स्थानीय अस्पताल में उन्हें फाइजर एनएसई -0.33प्रतिशत कोविड-19 वैक्सीन का टीका लगाकर ब्रिटेन में टीकारण की शुरुआत की गई। ब्रिटेन मंगलवार को फाइजर और बायोएनटेक द्वारा विकसित कोविड-19 वैक्सीन को कोरोना वायरस को हराने के लिए आम जनता को देने की शुरुआत करने वाला पहला पश्चिमी देश बना। कीनन ने एक फोटोग्राफर और टीवी चैनल के रिपोर्टर के सामने फिलीपींस की एक नर्स से कोविड का टीका लगवाते हुए पहले नागरिक के तौर पर अपने भाग्य की सराहना की। उन्होंने अपने जन्मदिन से पहले इस तोहफे का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि अब वो अपने परिवार और दोस्तों के साथ नया साल हंसी ख़ुशी बिता सकेंगी। मैगी के नाम से जानी जाने वाली कीनन एक ज्वैलरी शॉप में असिस्टेंट का काम करती थीं। वो चार साल पहले रिटायर हुई थी। उनकी एक बेटी, एक बेटा और चार पोते हैं। मे पार्सन्स नाम की एक नर्स द्वारा कीनन को वैक्सीन का टीका लगाते हुए एक वीडियो फुटेज में उन्हें एक नीली टी-शर्ट और कार्डिगन के साथ एक मेडिकल मास्क पहने हुए दिखाया गया है। नर्स मे पार्सन्स ने भी अपनी ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि पिछले कुछ महीने सभी के लिए बहुत कठिन थे लेकिन अब रोशनी की एक किरण नजर आ रही है।
ब्रिटेन कोविड-19 से सबसे अधिक प्रभावित यूरोपीय देश है, जिसमें 61,000 से अधिक लोग मारे गए लेकिन अमेरिका या यूरोपीय संघ से पहले ब्रिटेन में कोविड-19 की वैक्सीन लगवाने की शुरुआत करके प्रधान मंत्री बोरिस जॉनसन कोविड के खिलाफ चल रही लड़ाई को जीतना चाहते हैं। ब्रिटिश स्वास्थ्य सचिव मैट हैनकॉक और एनएचएस इंग्लैंड के चिकित्सा निदेशक स्टीफन पॉविस ने कहा कि वे दोनों टीका कार्यक्रम की शुरुआत देखकर बहुत भावुक हो गए हैं। ब्रिटेन ने फाइजर /बायोएनटेक शॉट की 40 मिलियन खुराक देने का आदेश दिया है। जैसा कि प्रत्येक व्यक्ति को दो खुराक की आवश्यकता होती है जो कि 67 मिलियन के देश में 20 मिलियन लोगों को टीका लगाने के लिए पर्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *