कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में शिवराज बोले बिना लेन-देन के होंगे जनता के काम

भोपाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को प्रदेश कलेक्टर, कमिश्रर, आईजी, पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इसमें वो काफी सख्त मूड में नजर आए। सीएम ने साफ साफ कहा कि एमपी में कोई भी काम लेन-देन से नहीं होगा। अफसरों के तबादले हों या जनता का काम। किसी में भी लेन-देन नहीं चलेगा। अफसरों की पोस्टिंग उनके काम के आधार पर मिली रैंकिंग देखकर की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन की सुविधाओं का लाभ हर हाल में नागरिकों को मिलना चाहिए। यह पिछली सरकार नहीं है। अब पोस्टिंग का आधार मेरिट होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि फोकस एजेंडे पर काम करना है। रूटीन गवर्नेंस प्रभावित न हो, रोजमर्रा के काम ना रुकें। लोग परेशान ना हों। हर विभाग के काम जैसे चल रहे हैं, वैसे ही चलना चाहिए। आप कुर्सी पर बैठे हैं। टेबिल के उस पर के व्यक्ति के बारे में सोचिए। आप यह समझें कि आपके हाथ में आवेदन होता है तो कैसा होता? कई बार काम करने के लिए तरीके निकालने पड़ते हैं। आप की जिम्मेदारी शासन की योजनाओं को जमीन पर उतराने की है। इस काम को प्राथमिकता से पूरा करना होगा।
हर जिले की रेटिंग होगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि काम के आधार पर हर जिले की रेटिंग होगी। इसके लिए डैशबोर्ड शुरु किया जा रहा है। यानी अब सरकार का हर काम परफॉर्मेंस बेस्ड होगा। आपको मौका मिला है जनता की सेवा करने का। एजेंडा के साथ काम करें और रूटीन गवर्नेंस को जनता की प्राथमिकता समझें।
आप शासन के प्रतिनिधि हैं
मुख्यमंत्री ने कमिश्नर्स-आईजी, कलेक्टर्स-पुलिस अधीक्षकों से कहा कि आप शासन के प्रतिनिधि हैं। अत: आपके क्षेत्र में सुशासन सुनिश्चित करना आप सभी की जिम्मेदारी है। इसलिए आपको जनता और जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद रखना चाहिए।
बाहर से धान न आए
मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में पहली बार धान खरीदी के साथ ही मिलिंग भी की जा रही है। कलेक्टर्स इस ओर विशेष ध्यान दें। सीमावर्ती कलेक्टर इस बात का विशेष ध्यान रखें कि दूसरे प्रदेशों की धान यहां बिकने के लिए आए।
भू माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में भू माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनके रसूख को जमींदोज किया गया है। इसके लिए इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, सतना आदि जिले विशेष बधाई के पात्र हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्रवाई में इस बात का ध्यान रखें कि गरीब को कोई परेशानी ना हो। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नीमच जिले में एक व्यापारी को फर्जी अफीम प्रकरण में फंसाने के मामले में दोषी पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों को नियमानुसार बर्खास्त करने की कार्रवाई की जाए।
चिटफंड माफिया के विरुद्ध कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में चिटफंड माफिया के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई है। प्रदेश में 184 केस रजिस्टर किए गए और 3528 निवेशकों को उनके 17 करोड़ 60 लाख रुपए वापस दिलवाए गए। हैं। छतरपुर, कटनी, नीमच, रतलाम जिले विशेष बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि चिटफंड माफिया के विरुद्ध कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाएं और निवेशकों को उनके पैसे वापस दिलवाएं।
-मिलावटखोरी महापाप, सख्त कार्रवाई करें
मुख्यमंत्री ने कहा मिलावटखोरी महापाप है। मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस संबंध में ग्वालियर, गुना, मुरैना, जबलपुर, इंदौर, उज्जैन में अच्छी कार्रवाई हुई है। शेष जिलों में भी ऐसी ही कार्रवाई हो।
-साइबर क्राइम के खिलाफ सचेत रहें
मुख्यमंत्री ने सभी अफसरों से कहा कि वो साइबर क्राइम के खिलाफ सचेत रहें। इस संबंध में कटनी, जबलपुर, ग्वालियर एवं सागर को अच्छे कार्य के लिए बधाई दी। प्रदेश में 1711 साइबर क्राइम के केस दर्ज किए गए हैं, जिनमें एक करोड़ 97 लाख रुपए की राशि वापस दिलाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *