लखनऊ, जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) बिकरू कांड के मुख्य आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे की पत्नी ऋचा से पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी ने विकास दुबे द्वारा जुटाई गई संपत्तियों का ब्योरा भी मांगा है। ऋचा अपने दो बेटों के साथ ईडी के लखनऊ स्थित दफ्तर पहुंची हैं। मामले में अभी तक ईडी ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है। अगर जांच एजेंसी को कुछ सुराग मिलता है तो वह एफआईआर भी दर्ज कर सकती है। गौरतलब है कि बिकरू कांड के बाद विकास दुबे की संपत्तियों की जांच में जुटी ईडी को कुछ ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जिससे उसकी अवैध संपत्तियों का पता चलता है।
ईडी सूत्रों के मुताबिक उसके हाथ कानपुर नगर, चौबेपुर और स्वरूपनगर में विकास दुबे की संपत्तियों का पता चला है। इसके अलावा बिकरू गांव में भी खेती की जमीन की जानकारी है। अब इन संपत्तियों को कैसे अर्जित किया गया? क्या इसके पीछे अवैध कमाई का इस्तेमाल किया गया है? ईडी इसकी जांच कर रही है। बता दें बिकरू कांड के बाद से विकास दुबे और उसकी काली कमाई में सहयोगी रहे लोगों पर भी जांच एजेंसी का शिकंजा कसा है।
बिकरू कांड में जांच एजेंसी ने विकास दुबे द्वारा जुटाई गई संपत्तियों का ब्योरा मांगा