भोपाल में कोरोना के 271 नए संक्रमित मरीज मिले, संक्रमितों बढ़ कर हुई 15393

भोपाल, राजधानी में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। हर दिन 200 से ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। मंगलवार को आई रिपोर्ट में एक बार फिर कोरोना के 271 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। शहर में अब तक कोरोना के 363 संक्रमित अपनी जान गवा चुके हैं। राहत की बात ये है कि, इनमें से 12857 लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि, शहर में अब भी 2173 एक्टिव केसेज हैं।
शहर में सितंबर के पहले सप्ताह में संक्रमण दर 8 से 10 प्रतिशत थी, जो दूसरे सप्ताह तक बढ़कर 11 से 12 प्रतिशत तक हो गई थी। तीसरे सप्ताह तक यह बढ़कर 16 प्रतिशत तक पहुंच गई है। राजधानी में स्वास्थ्य अमला संदिग्ध मरीजों के सैंपल कम लेकर कोरोना मरीजों की संख्या कम करने की कोशिशें कर रहा है। यही वजह है कि जिस दिन यहां ज्यादा पॉजिटिव मिलते हैं, उस दिन कम सैंपल लिए जाते हैं, ताकि अगले दिन मरीजों की संख्या कम रहे। शहर में 2 सितंबर को 2470 मरीजों के सैंपल लिए गए। तीन सितंबर को 253 मरीज पॉजिटिव आए। ऐसे में तीन सिंतंबर को सिर्फ 2370 सैंपल लिए गए तो चार सितंबर को 181 मरीज ही पॉजिटिव आए, जबकि उस दिन 2962 सैंपल लिए गए। 15 सितंबर को 280 पॉजिटिव मिले तो उस दिन महज 1724 सैंपल लिए गए। नतीजा यह हुआ कि 16 सितंबर को 245 ही पॉजिटिव मिले। 16 सितंबर को 2074 मरीजों की जांच हुई तो 265 संक्रमित मिले। 17 सितंबर को 2145 मरीजों की जांच हुई और 18 सितंबर को 291 पॉजिटिव मिले। 21 सितंबर को 1876 सैंपल लिए गए, जिससे 22 सितंबर को 271 संक्रमित मिले हैं।
रिपोर्ट आने के बाद कंट्रोल रूम से पता चलेगा, कहां होना है भर्ती
अब प्रशासन ने तय किया है कि रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मरीज को जिले के कोविड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में फोन करना होगा। यहां मौजूद डॉक्टर मरीज के लक्षणों के आधार पर तय करेंगे कि उसे किस अस्पताल में भर्ती करना है या होम आइसोलेशन में रखना है। अभी शहर के निजी व सरकारी कोविड सेंटरों में अन्य जिलों के लगभग 700 मरीज भर्ती हैं। इनमें से केवल 30 प्रतिशत अन्य जिलों से रेफर होकर आए हैं। अन्य 70 प्रतिशत खुद ही आकर भर्ती हो गए हैं। इसलिए अब नई व्यवस्था बनाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अस्पतालों में जरूरतमंद गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मुहैया कराने के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। मरीज को अस्पताल पंहुचने से पहले कोविड कंट्रोल रूम के नंबर पर फोन करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *