बरेली/लखनऊ, राजधानी लखनऊ से भाग कर उप्र के ही बरेली शहर में पति-पत्नी की तरह रह रहे एक प्रेमी युगल को जब कोर्ट में पेषी के लिए वापस ला रही थी तब दोनों ने पुलिस अभिरक्षा में ही जहर खाकर जान दे दी। दोनों को राजधानी पुलिस रविवार देर रात में बरेली से लखनऊ लेकर आ रही थी। रास्ते में दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिन्हें ट्रामा सेंटर लाया गया। चिकित्सकों ने सोमवार सुबह दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने बताया प्रेम नगर कृष्णानगर निवासी विकास सोनी के खिलाफ स्नेह नगर निवासी सुषमा रावत ने बेटी पारुल को भगा ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कृष्णानगर पुलिस न्यायालय के आदेश पर प्रकरण की विवेचना कर रही थी। इस दौरान पता चला कि आरोपित विकास सोनी सदर बाजार बरेली में छिपकर रह रहा है। इसके बाद पुलिस टीम आरोपित के दो रिश्तेदारों को लेकर रविवार रात में बरेली दबिश देने पहुंची थी। पुलिस ने विकास को हिरासत में लेकर पारुल को बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों को लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुई। बताया जाता है कि आरोपित को जब हिरासत में लिया गया था तब उसने पुलिस से सामान पैक करने के लिए कुछ देर की मोहलत मांगी थी। इस पर विकास और पारुल को उनका जरूरी सामान साथ में रखने की अनुमति दी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने इसी दौरान जहरीला पदार्थ खा लिया था। रास्ते में दोनों उल्टियां करने लगे। दोनों की हालत बिगड़ने लगी तो पुलिस ने उनसे पूछताछ की। इसके बाद प्रेमी युगल के जहरीला पदार्थ खाने की बात पता चली। पुलिस टीम दोनों को ट्रामा सेंटर लेकर पहुँची, जहां इलाज के दौरान विकास और पारुल की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पारुल का न्यायालय में बयान होना था। इसके लिए उसे बरामद कर लखनऊ लाया जा रहा था। आरोपित को भी पुलिस कोर्ट में पेश करने वाली थी।
प्रेमी युगल ने कोर्ट जाते समय जहर खाया दोनों की पुलिस कस्टडी में मौत