अतिवृष्टि एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मुख्यमंत्री ने किया हवाई निरीक्षण

भोपाल, प्रदेश में अतिवृष्टि के कारण कुछ क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति से निपटने और आमजन को सुरक्षित जगह पहुँचाने के लिये युद्ध स्तर पर राहत कार्य किये जा रहे है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिये सीहोर में 2 हेलीकाप्टर और एनडीआरएफ की टीम, छिन्दवाड़ा में एक हेलीकाप्टर और एक सैनिक यूनिट कम्पनी तथा होशंगाबाद में भी एक सैनिक यूनिट कम्पनी पहुँच चुकी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज शनिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हेलीकाप्टर से जायजा भी लिया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सभी संभागीय आयुक्त एवं कलेक्टर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी जिलों में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर अतिवृष्टि एवं बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य शुरू कर दिये हैं। जिलों का मैदानी शासकीय अमला भी राहत एवं बचाव कार्यों में जुट गया है।
बाढ़/अतिवृष्टि की जानकारी
क्र जिले का नाम बाढ़ राहत हेतु संचालित शिविरों की संख्या, राहत शिविरों में रखे गये व्यक्तियों की संख्या
1 छिंदवाड़ा 59 4563
2 बालाघाट 42 890
3 रायसेन 8 788
4 होशंगाबाद 26 970
5 सीहोर 18 860
6 विदिशा 5 275
7 देवास 3 532
8 सिवनी 9 430
कुल 170 9308
विगत 24 घंटों में 13 जिलों के 394 ग्रामों में लगभग 4777 लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित निकाला गया है। छिन्दवाड़ा जिले में हवाई ऑपरेशन के माध्यम से 5 व्यक्तियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित निकाला गया। एक अन्य व्यक्ति के बचाव का ऑपरेशन जारी है। प्रभावित जिलों में 170 राहत शिविर संचालित हैं, जिनमें 9308 व्यक्तियों को ठहराया गया है।
होशंगाबाद : जिले में हो रही लगातार भारी बारिश और तवा, बारना एवं बरगी बांध से पानी छोड़े जाने से नर्मदा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से बाढ़ की स्थिति निर्मित हो रही है। बाढ़ आपदा नियंत्रण हेतु जिला प्रशासन की टीम पूरी तरह मुस्तैद है। जिले में निचली बस्तियों में जहां जलभराव की स्थिति निर्मित हो रही है वहां प्रशासन, पुलिस व होमगार्ड की टीम द्वारा लोगों को सुरक्षित स्थानों/राहत पुनर्वास केंद्रों पर पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। होशंगाबाद शहर की निचली बस्ती मालाखेड़ी में जलभराव के कारण फंसे लोगो को मोटर बोट से एनडीआरएफ व होमगार्ड की टीम ने रेस्क्यू किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *