भोपाल,मध्यप्रदेश के कुल आठ जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में बालाघाट, खंडवा, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बैतूल, हरदा और छिंदवाड़ा जिले शामिल हैं। यह चेतावनी मौसम विभाग नागपुर की वेबसाइट पर जारी की गई है। वहीं मध्य प्रदेश के 15 जिलों श्योपुर, होशंगाबाद, अनूपपुर, आगर, छतरपुर, राजगढ़, खरगोन, सीहोर, बड़वानी, देवास, मुरैना, डिंडोरी, दतिया, शिवपुरी और बुरहानपुर में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। पिछले 24 घंटे से पूरे मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है और सभी संभागों के अधिकांश इलाकों में बारिश हो रही है। सतना, पन्ना, सिंगरौली में 13, परसवाडा में 12, अमरपाटन में 10, नागौद में 9, बिरसिंहपुर, अजयगढ़, अनूपपुर, कट्टीवाड़ा में 8, बिछिया, भाभरा, मलाजखंड, रामनगर, कटनी, गुनौर, बैहर में 7, मझगवां, थांदला, रानापुर, समनापुर, इछावर में 6 सेमी बारिश दर्ज की गई। शहडोल में लगातार झमाझम बारिश हो रही है राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय के पास नालियां जाम होने से सड़क पर पानी का भराव हो गया है। जिसमें कई वाहन फंस गए, इससे आने जाने वालों को दिक्कतें हो रही हैं। रीवा जिले लगातार हो रही भारी बारिश से निचले तराई क्षेत्रों में पानी भर गया है। बकिया बैराज बांध के एक साथ 14 गेट खोले गए हैं, नदी-नाले उफान पर, प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। वॉटरफॉल में बढ़ाई सुरक्षा बढ़ा गई है। नदी से बालू निकालने और मछली मारने वालों से पानी मे न जाने की अपील की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना ऊपरी हवा का चक्रवात गुरुवार को कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है। मानसून द्रोणिका भी ग्वालियर, सतना से होकर गुजर रही है। इससे प्रदेश में अच्छी बरसात हो रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी 4-5 दिन तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं भारी बरसात भी हो सकती है।
बालाघाट, खंडवा, झाबुआ, आलीराजपुर, धार और बैतूल सहित मप्र के 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट