बिहार सरकार ने सुशांत केस की सीबीआई से जांच की सिफारिश की

पटना,एक्टर सुशांत सिंह राजपूत केस में बिहार सरकार ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच की सिफारिश कर दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फैसले का जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने स्वागत किया है। जेडीयू प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि हम लोगों ने सीबीआई जांच की मांग की थी, अब उसकी सिफारिश कर दी गई है। मुंबई पुलिस पर निशाना साधते हुए जेडीयू प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि बिहार पुलिस अफसर के साथ मुंबई पुलिस ने जिस तरह व्यवहार किया, हाथ पर ठप्पा लगाया, हाउस अरेस्ट कर लिया। प्लेन से तो बहुत लोग गए थे, लेकिन सिर्फ पटना के एसपी सिटी विनय तिवारी को ही क्वारेंटाइन किया गया। सीबीआई जांच की सिफारिश अच्छी पहल है।
जेडीयू प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि अब जांच में सीबीआई अपराधी के गिरेहबान तक पहुंचेगी। चाहे वह कोई भी अपराधी हो। अगर पाताल में भी अपराधी रहेगा तो उसे खोज लिया जाएगा। बिहार पुलिस भी सक्षम थी। देश की मांग थी कि सीबीआई जांच हो। मर्डर करके सुसाइड का मामला बना दिया गया है।
इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि उन्होंने सुशांत केस की सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी है। इसकी कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद केंद्र और सीबीआई के पास भेज दिया जाएगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा मैंने सुशांत सिंह राजपूत के पिता से बात की है, जो इस मामले में सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग के आधार पर बिहार सरकार ने इस मामले में सीबीआई जांच कराने की सिफारिश की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *