कानपुर, उत्तर प्रदेश के कानपुर के संजीत यादव की हत्या के बाद जहां उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं शनिवार को एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें संजीत यादव हत्याकांड में सस्पेंड चल रहे बर्रा इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिस कर्मी अपराधियों के साथ डांस कर रह हैं। मामले में डीआईजी प्रीतिंदर सिंह ने एक दरोगा को लाइन हाजिर करने के साथ ही निलंबित इंस्पेक्टर समेत तीनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ जांच का आदेश दिया है। जांच एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल करेंगे। बताया जा रहा है कि वीडियो निलंबित इंस्पेक्टर रणजीत राय के शादी की सालगिरह का है। इसका आयोजन थाना परिसर में ही किया गया था।
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में रणजीत राय चकेरी इंस्पेक्टर होने के दौरान अपराधी हसीन उर्फ राजा कालिया के साथ डांस कर रहे थे। इनके साथ तत्कालीन रामादेवी चौकी प्रभारी हरिओम गौतम और दरोगा अनिल कुमार त्रिपाठी भी डांस कर रहे थे। राजा कालिया के खिलाफ चकेरी में कई मुकदमें दर्ज हैं। डीआईजी सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पुलिस कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि सीएम के निर्देश के बाद शासन से मिली जानकारी के अनुसार में अपर पुलिस अधीक्षक, दक्षिणी कानपुर नगर, आईपीएस अपर्णा गुप्ता और मनोज गुप्ता तत्कालीन सीओ को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा लापरवाही बरतने के आरोप में पूर्व प्रभारी निरीक्षक थाना बर्रा रणजीत राय और चौकी इंचार्ज राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
संजीत यादव हत्या मामले में निलंबित पुलिस इंस्पेक्टर ने किया अपराधियों के साथ डांस