जय ने जूही से प्यार का इजहार जताने जन्म दिन पर एक ट्रक भर कर भेजे थे लाल गुलाब

मुंबई,मशहूर बालीवुड अभिनेत्री जूही चावला ने इस डर से अपनी शादी की बात सालों छुपाए रखी कि कही इसका असर उनके कॅरियर पर ना पडे। उन्होंने 25 साल बाद यह खुलासा किया है। यूंतो जूही अपनी निजी जिंदगी को लेकर बेहद कम बात करती हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने शादी को लेकर यह खुलासा किया। एक साक्षात्कार के दौरान जब जूही से सवाल किया गया कि उन्होंने जय मेहता से शादी को इतना सीक्रेटिव क्यों रखा? तब अपनी निजी जिंदगी को लेकर ज्यादा बात ना करने वाली जूही पहले तो हिचकिचाईं, लेकिन फिर उन्होंने खुलकर जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘उस वक्त आपके पास इंटरनेट नहीं होता था। आपके फोन में कैमरा नहीं होता था। तो ऐसा ही होता था। मैंने उस दौरान हाल ही में पहचान बनाई थी और अच्छा-खासा काम कर रही थी। ये वही वक्त था जब जय मेरी जिंदगी में आए। मुझे डर था कि मेरा करियर डूब जाएगा। मैं इसे भी जारी रखना चाहती थी और मुझे ऐसा करना बीच का रास्ता लगा’। जूही चावला ने यह भी कहा कि जय से वो करियर की शुरुआत में मिली थीं, जिसके बाद कुछ समय तक दोनों की कोई बात नहीं हुई लेकिन जब दोनों मुलाकात एक बार फिर से हुई तो जय, जूही के लिए दीवाने हो गए। जहां जूही जाती थीं, जय फूलों और प्यार भरे नोट्स लेकर पहुंच जाते थे। जूही बताती हैं कि उनके जन्मदिन पर जय ने एक ट्रक भरकर लाल गुलाब के फूल भी भिजवाए थे, जिसे देखकर वो चौंक गई थीं।बता दें कि जूही और बिजनेसमैन जय की शादी 1995 में हुई थी। तब उनके इस रिश्ते के बारे में सिर्फ करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों को ही पता था। बॉलीवुड का ये पावर कपल अब 25 साल साथ में पूरे कर चुका है। जूही चावला के दो प्यारे बच्चे भी हैं। उनकी बेटी का नाम जाह्नवी है और बेटे का नाम अर्जुन है। मालूम हो कि आज सोशल मीडिया के दौर में फिल्म स्टार्स अपनी निजी जिंदगी को लेकर जितने ओपन रहते हैं एक दौर में ऐसा कतई नहीं था। तब ना तो सोशल मीडिया था और ना ही हरदम सितारों पर कैमरे की नजर। सितारों की कम ही चीजें निकलकर बाहर आ पाती थी, लेकिन सोशल मीडिया के जमाने में आजकल ऐसा बिलकूल भी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *