यूपी में कल से खुलेंगे स्कूल पर नहीं आएंगे छात्र,15 से शुरू होंगी ऑनलाइन क्लासेस

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में 6 जुलाई से सभी स्कूल खुल जाएंगे। हालांकि इस दौरान सिर्फ प्रधानाचार्यों, शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी आएंगे। प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला ने शनिवार को आदेश जारी कर प्रदेश में संचालित सभी बोर्ड के स्कूलों को छह जुलाई से खोलने को कहा है। वहीं, 15 जुलाई तक सभी स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। यह आदेश यूपी बोर्ड के राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन स्कूलों के अलावा सीबीएसई और आईसीएसई के स्कूलों में भी लागू होगा। आदेश में प्रमुख सचिव शिक्षा आराधना शुक्ला ने कोरोना से बचाव के दिशा निर्देश भी जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक स्कूलों में शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए हर दिन स्कूल भवन और फर्नीचर को सैनिटाइज किया जाएगा। इसके अलावा स्टाफ की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। तापमान सामान्य से अधिक होने पर सूचना मुख्य चिकित्सा अधिकारी को देनी होगी। स्कूल खुलने के बाद शिक्षक-अभिभावक संघ की बैठक बुलाकर ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था के बारे में अभिभावकों को बताकर उन्हें ऑनलाइन पढ़ाई के लिए प्रेरित करना होगा। बता दें कि ऑनलाइन पढ़ाई के लिए के लिए अधिकारियों, प्रधानाचार्य, शिक्षकों और छात्रों को वेबीनार व ऑनलाइन ट्यूटोरियल के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा नए सत्र में दाखिले के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार की सोशल डिस्टेंसिंग और दूसरी गाइडलाइन फॉलो करनी होगी। प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला ने प्रदेश के सभी सक्षम अभिभावकों को स्कूल फीस जमा करने का आदेश जारी किया है। उन्होंने आदेश में स्पष्ट किया है कि सरकारी, गैर सरकारी या निजी क्षेत्र के कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को जिन्हें मासिक वेतन मिल रहा है, वह एक-एक महीने की फीस स्कूल में जमा कराएं। नियमित रूप से वेतन प्राप्त करने वाले अभिभावक भी स्कूलों में फीस जमा नहीं कर रहे हैं। वहीं, शासन ने स्कूलों को शिक्षक और बाकी स्टाफ को वेतन का भुगतान किए जाने का आदेश दिया है। ऐसे में जो अभिभावक मासिक शुल्क जमा करने में समर्थ हैं और इनकम टैक्स देते हैं उन्हें मासिक शुल्क देना होगा। स्कूल परिवहन शुल्क नहीं लेंगे और पिछले साल की फीस ली जाएगी, जो अभिभावक फीस नहीं दे सकते वह स्कूल को शुल्क जमा न किए जाने के कारणों, परिस्थितियों का ब्यौरा देते हुए एक लिखित प्रार्थना पत्र देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *