भोपाल, एक दिन के आराम के बाद मानसून फिर सक्रिय है। मौसम विभाग चेता रहा है कि आज 11 जिलों में भारी बारिश होगी। मालवा और महाकौशल के कुछ इलाकों सहित विदिशा, सागर और सीहोर में भारी बारिश की चेतावनी है। उधर ग्वालियर-चंबल में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग अगले तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी दे रहा है। उसका पूर्वानुमान है कि आज 11 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। प्रदेश के महाकौशल के छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला,बालाघाट, बुंदेलखंड के सागर, मध्य के विदिशा, सीहोर और मालवा के रतलाम, उज्जैन, नीमच और मंदसौर जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं।ग्वालियर एवं चंबल संभाग में चमक के साथ हल्की बौछारें पडऩे की संभावना है। वहीं अगले तीन दिन 4 से 7 जुलाई के बीच भोपाल संभाग सहित प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना है। राजधानी भोपाल में 3 दिन बाद एक बार फिर से झमाझम बारिश की झड़ी लगी। करीब 3 घंटे तक बारिश से पूरा शहर भीगता रहा। मौसम विभाग का कहना है प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मॉनसून फिर सक्रिय हो गया है। भोपाल सहित प्रदेश में मॉनसून की सक्रियता बढऩे से बारिश की गतिविधि और बढ़ेगी।
एमपी में सिस्टम का असर
मौसम विभाग का कहना है कि एक ट्रफ लाइन (द्रोणिका लाइन) पूर्वी उत्तर प्रदेश से विदर्भ तक जा रही है। यह पूर्वी मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है जो अरब सागर से नमी खींच रही है।इसी कारण भोपाल सहित प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में सोयाबीन, धान, मक्का, उड़द की बोवनी हो चुकी है।बोबनी के बाद कुछ जिलों में धान की रोंपाई जारी है। लगातार हो रही मानसून की बारिश फसलों के लिए बेहद लाभदायक है।बोवनी के बाद फसलों को पानी की जरूरत होती है। ये बारिश फसलों के लिए लाभदायक है। झमाझम बारिश की झड़ी से इंदौर और होशंगाबाद-रायसेन सराबोर रहे। इंदौर में 2 इंच, होशंगाबाद और रायसेन में 1 इंच पानी दर्ज किया गया। वहीं मिमी में अगर बात की जाए तो इंदौर में 50.4 मिमी होशंगाबाद 28 मिमी, भोपाल 0.4मिमी, खजुराहो 3 मिमी, रायसेन 20 मिमी,नौगांव 5 मिमी, सतना 0.2 मिमी, नरसिंहपुर 3 मिमी, उमरिया 14 मिमी और मंडला में 7 मिमी बारिश दर्ज की गयी ।
मप्र के 11 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी,अधिकांश भागों में मानसून की सक्रियता से हो रही बारिश