भोपाल,राज्यसभा चुनाव में मतदान के बीच कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। बसपा विधायक ने पाला बदल कर भाजपा प्रत्याशी को समर्थन करने की घोषणा कर दी। मध्यप्रदेश में तीन राज्यसभा सीटों के लिए आज (शुक्रवार को) विधानसभा में वोटिंग जारी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बहुजन समाज पार्टी के विधायक संजीव कुशवाहा वोट देकर बाहर निकले और उन्होंने कहा कि मैं क्षेत्र के विकास के लिए शिवराज सरकार के साथ हूं। प्रदेश कांग्रेस अपनी सरकार नहीं बचा सकी और वोटों का गणित भाजपा की 2 सीटों के लिए है तो हम उनके साथ हैं और क्षेत्रीय विकास के लिए उनके साथ जा रहे हैं। साथ ही बहुजन समाज पार्टी के विधायक संजीव कुशवाहा ने कहा सदन के भीतर सरकार को समर्थन कर रहे हैं, मगर उपचुनाव में सभी 24 सीटों पर लड़ेंगे। बसपा विधायक संजीव कुशवाहा ने यह भी कहा कि कांग्रेस अपने नेता का सम्मान नहीं कर पाए इसलिए यह स्थिति बनी। हमने पहले ही कहा था कि सरकार हमारे कारण नहीं गिरेगी बल्कि अपनों के कारण ही सरकार गंवा देगी। इसके अलावा भाजपा को सपा विधायक राजेश शुक्ला का भी साथ मिल गया है। समाजवादी पार्टी के विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि उन्होंने सुमेर सिंह सोलंकी भाजपा प्रत्याशी को वोट दिया है। क्षेत्र के विकास के लिए वे भाजपा प्रत्याशी के साथ हैं। विधानसभा में शुरूआती एक घंटे में करीब 64 वोट डाले जा चुके हैं। गौरतलब है कि राज्यसभा की रिक्त तीन सीटों के लिए हो रहे चुनाव में चार उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें भाजपा के ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेरसिंह सोलंकी तथा कांग्रेस के दिग्विजय सिंह और फूलसिंह बरैया हैं। विधानसभा में सुबह से विधायकगण मतदान के लिए पहुंच गए और फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मतदान कर रहे हैं। इस दौरान यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, मंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता व विधायक मतदान करने पहुंचे। विधानसभा में सुबह नौ बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम चार बजे तक चलेगा। सात घंटे तक मतदान चलने के बाद शाम पांच बजे वोटों की गिनती शुरू होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शाम सात बजे तक राज्यसभा की तीन सीटों के परिणाम घोषित किए जा सकते हैं। मतदान में कुल 206 विधायक हिस्सा ले रहे हैं।
मप्र में रास चुनाव के मतदान में कांग्रेस को झटका बसपा विधायक ने दिया भाजपा प्रत्याशी को वोट