चित्रकूट में ट्रक की चपेट में आए सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जा रहे प्रवासी मजदूर

चित्रकूट, चित्रकूट में एक ट्रक ने सड़क किनारे बैठे चार प्रवासी मजदूरों को टक्कर मार दी। इस टक्‍कर में एक मजदूर की मौत हो गयी। बताया गया कि ये सभी मजदूर छत्तीसगढ़ के रायपुर से साइकिलों पर सवार होकर सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जिलों में स्थित अपने-अपने घर लौट रहे थे। ये सभी मोहन सहारनपुर जिले के चपारी गांव और राधेश्याम, रामनिवास एवं रवींद्र मुजफ्फरनगर जिले के पसीली गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि सभी मजदूर पानी पीने के लिए बरगढ़ क्षेत्र के रीवा मार्ग पर कलचिहा गांव के पास सड़क किनारे बैठ गए थे, तभी प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने चारों को इलाज के लिए मऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां मोहन की इलाज के दौरान मौत हो गयी। उसका शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस ने ट्रक एवं उसके चालक को पकड़ लिया है। मऊ सीएचसी के अधीक्षक डॉ. शेखर वैश्य ने बताया कि अन्य तीनों घायल लोग खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *