मप्र में कोरोना के मरीजों की संख्या दो हजार पार, अब तक 105 मरीजों की गई जान

भोपाल,प्रदेश में कोरोना वायरस से अब तक 105 मरीजों की जान जा चुकी है और 302 स्वस्थ होकर वापस लौट चुके हैं। वहीं कुल मरीजों की संख्या 2010 पर पहुंच गई है। प्रदेश में कोरोना के सबसे ज्यादा मरीजों की संख्या इंदौर ‎जिले में है। यहां इन मरीजों की संख्या 1207 पर पहुंच गई है। भोपाल में 410, उज्जैन में 123 और जबलपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 68 पहुंच चुकी है। उज्जैन जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 123 पहुंच गई है, इनमें से 18 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को 16 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज भी मिले हैं। इनमें बड़नगर के 6 मरीज शामिल हैं। 21 से लेकर 26 अप्रैल तक 92 केस सामने आए हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने से आरडी गार्डी अस्पताल में व्यवस्थाएं भी प्रभावित हुई हैं। उधर रविवार को 53 वर्षीय स्वास्थ्यकर्मी (एएनएम) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दो दिन पहले उन्हें आरडी गार्डी अस्पताल में भर्ती किया गया। रविवार को उनकी मौत के बाद पत्नी को भी हार्ट अटैक आया। थोड़ी देर बाद पत्नी की भी मौत हो गई। इसी तरह महाकाल रोड निवासी 53 वर्षीय व्यक्ति की भी संदिग्ध हालात में मौत हुई है। उज्जैन जिले में 52 और डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वे जल्द ही जिले में आमद देंगे। सीएमएचओ डॉ. अनुसूइया गवली ने बताया कि शासन को स्थानीय स्थितियों से अवगत कराया गया था। इस पर मांग स्वीकारते हुए 52 नए डॉक्टरों को उज्जैन भेजा जा रहा है। सभी एमबीबीएस हैं। ये जल्द ही ज्वाइन होंगे। डॉ. गवली के अनुसार इनके आने से चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे अमले को बहुत राहत मिलेगी। बता दें कि अभी स्वास्थ्य अमला डॉक्टर की कमी से परेशान है। चिकित्सकों को रोटेशन के हिसाब से क्वारंटाइन भी किया जाना है। इसलिए बीते दिनों स्वास्थ्य अधिकारियों ने शासन से डॉक्टरों की मांग की थी। इस पर शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। हरदा जिले में पहला कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। रविवार देर शाम भोपाल एम्स से शेष लंबित पांच सैंपल की जांच रिपोर्ट आई। जिसमें से चार निगेटिव और एक पॉजिटिव प्राप्त हुई। जिले की सिराली तहसील में यह पहला पॉजिटिव मरीज पाया गया है।इसके पहले हरदा से 35 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। रविवार को सभी 40 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। अब 39 निगेटिव और एक कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *