भोपाल,मप्र में गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमितों का आंकड़ा 107 तक पहुंच गया है। मुरैना में भी दो कोरोना वायरस संक्रमित सामने आए हैं। दोनों पति-पत्नी हैं। वहीं गुरूवार को कोराना से इंदौर में दो मौतें हुई। इससे प्रदेश में अब तक 8 मौत हो चुकी है। एमआरटीवी अस्पताल में भर्ती खजराना की रहने वाली 65 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसके बाद एक और पुरुष ने दम तोड़ दिया। इसे मिलाकर इंदौर में अब तक 5 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। उज्जैन में दो और खरगोन में भी कोरोना पीडि़त एक मरीज की मौत गयी है। इंदौर में भर्ती मरीजों में से 6 की हालत गंभीर बनी हुई है।
30 के स्वास्थ्य में सुधार
प्रदेश में एक तरफ बड़ी संख्या में कोराना वायरस से संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं, वहीं अस्पतालों में भर्ती 30 मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार आ रहा है।
कोरोना से लड़ाई में तैयार है सरकार
मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण बहुत तेजी से बढ़ता जा रहा है। हालिया प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में अब तक कोरोना के 98 मामले सामने आ चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार भी कमर कसती नजर आ रही है। इसी को लेकर कोरोना के संदिग्ध मरीजों की जांच के लिए प्रदेश में 6 अप्रैल से नई कोरोना टेस्ट किट मिलनी शुरू हो जाएगी। प्रदेश सरकार ने एक लाख कोरोना टेस्ट किट का ऑर्डर दे दिया है। जल्द ही इसकी पहली खेप आ जाएगी। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की मदद और पुणे, मुंबई और दिल्ली से टेस्ट किट मंगाई है। इस पर 12 करोड़ रुपए खर्च आ रहा है। लॉक डाउन के अगले चरण की तैयारी के लिए जांच प्रक्रिया पूरी करने के लिए अग्रिम तैयारी की है।
व्यापारियों का 4 दिन का टोटल लॉकडाउन
पुराने भोपाल में लॉकडाउन का पालन नहीं होने से व्यापारियों ने खुद बड़ा निर्णय लिया। सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए गुरुवार से रविवार तक चार दिन थोक बाजार बंद रखने का लिया है। इससे राजधानी में जरूरी सामान की किल्लत हो सकती है। गुरूवार को पुराने शहर के थोक बाजार में सन्नाटा पसरा है। पूरे शहर में इसी थोक बाजार से किराने के सामान की आपूर्ति की जाती है।
डॉक्टरों पर हमला करने वाले दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा: शिवराज
इंदौर में कोरोना संक्रमण की स्क्रीनिंग करने पहुंची डॉक्टरों की टीम पर हमले को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सख्त रुख अख्तियार किया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना वायरस के खिलाफ लडऩे वाले डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा और उषा कार्यकर्ता, राजस्व अमला, नगरीय निकाय के कर्मचारियों से अपील की है कि वे कोरोना के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखें। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है। शिवराज ने इंदौर की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि घटना में शामिल सभी अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कुछ को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। सीएम ने कहा कि ऐसे लोग केवल मुठ्ठी भर हैं, जो मानवता की सेवा करने वालों के खिलाफ ऐसा रवैया अख्तियार कर रहे हैं। फिर भी पीडि़त मानवता को बचाने के लिए आपके काम में कोई बाधा डालेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। दोषियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।
स्वास्थ्य कर्मियों व प्रशासन के जज्बे को सलाम: कमलनाथ
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया है कि, प्रदेश के इंदौर के रानीपुरा में टाटपट्टी बाखल में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ हुए दुव्र्यवहार व पथराव की घटना बेहद दु:खद व निंदनीय। ऐसा कृत्य करने वाले समाज, इंसानियत व मानवता के दुश्मन। दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि, संकट की इस घड़ी में अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सुरक्षा कर रहे व अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे डॉक्टर्स, स्वास्थ्य कर्मियों व प्रशासन के अधिकारियों का सभी को आगे आकर सहयोग करना चाहिए और उनके सेवा के जज्बे को सलाम करना चाहिए।
मुरैना में पति-पत्नी कोरोना संक्रमित मिले, मप्र में कोरोना की सेंचुरी, 8 की मौत