मुंबई, कोरोना वायरस लगातार महाराष्ट्र में कहर बरपा रहा है. यहां पर मरीजों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है. वहीं इस महामारी के कारण जान गंवाने वालों की संख्या भी बढ़ रही है. गुरुवार को महाराष्ट्र में तीन नए कोरोना के मरीज सामने आए हैं. दो मरीज पुणे के हैं, जबकि एक मामला बुलढाणा का है. कोरोना वायरस की चपेट में अब सीआईएसएफ के 5 जवान भी आ गए हैं. पांचों जवानों का टेस्ट पॉजिटिव आया है. इससे पहले मुंबई के सीएसटी रेलवे पुलिस स्टेशन का एक कॉन्स्टेबल भी कोरोना से संक्रमित मिला. रेलवे पुलिस के इस कॉन्स्टेबल को ३० मार्च को कल्याण के रुकमणी बाई हॉस्पिटल से कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका कोरोना टेस्ट किया गया था. अब उसका रिजल्ट पॉजिटिव आ गया है. राज्य में गुरूवार सुबह तक कुल १४ लोगों की मौत कोरोना वायरस से हो चुकी है. जबकि कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 339 तक पहुंच गई है. वहीं, मुंबई में कोरोना के मरीजों की संख्या १४१ है. हालांकि महाराष्ट्र में अबतक ३९ लोग उपचार के पश्चात पूर्ण रूप से ठीक हो गए हैं और उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है. बता दें कि महाराष्ट्र में हर रोज कोरोना के मरीजों में इजाफा देखने को मिल रहा है. इसके अलावा यहां पर मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है. बुधवार को ही सात लोगों की कोरोना से मौत हो गई. इसमें से 5 मौत मुंबई में ही हुई है.
धारावी में रहने वाले शख्स की मौत
एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी धारावी में रहने वाले एक शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई. एशिया की सबसे बड़ी स्लम बस्ती धारावी (मुंबई) में कोरोना से पीड़ित 46 वर्षीय व्यक्ति की बुधवार को मौत हो गई। वह व्यक्ति झुग्गी बस्ती पुनर्वास प्राधिकरण (एसआरए) योजना के तहत बनी बिल्डिंग में रहता था। बृह्न मुंबई पालिका के स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि हालांकि उसका विदेश दौरे का कोई रिकॉर्ड नहीं है। सरकारी सायन अस्पताल में उसकी मौत के बाद बिल्डिंग के करीब 300 निवासियों और 30 दुकानों को क्वारंटीन कर दिया गया है। मरने वाले व्यक्ति की पास के एकेजी नगर में गारमेंट शॉप थी। बता दें कि धारावी मुंबई में 15 लाख लोगों की घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां पर लाखों दिहाड़ी मजदूर और छोटे कारोबारी रहते हैं।
महाराष्ट्र में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 339 पहुंची, CISF के 5 जवान भी कोरोना पॉजिटिव