इन्दौर में 13 डॉक्टर्स को क्वारंटाइन किया गया, कम्युनिटी ट्रांसमिशन की आशंका

इंदौर, इंदौर में अब सामुदायिक स्तर पर कोरोना वायरस संक्रमण फैलने की आशंका है, इसकी वजह यहां बड़ी संख्या में ऐसे कोरोना पॉजिटिव मरीजों का सामने आना हैं, जो न तो विदेश से लौटे हैं और न हीं इनके विदेशी यात्रियों से संपर्क में आने का कोई सबूत है। इंदौर में 75 में से 56 मरीजों कों संक्रमण किससे हुआ, यह पता नहीं है। प्रदेश से 64 मरीजों को संक्रमण का कारण अज्ञात है। अब तक 8 ऐसे मरीज ही सामने आए हैं, जो विदेशों से संक्रमित होकर आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 6 जबलपुर के हैं और एक भोपाल की युवती है।
इंदौर की महिला डॉक्टर भी संक्रमित
एमवाय अस्पताल की एक महिला डॉक्टर भी संक्रमित हो गई हैं। मंगलवार सुबह भोपाल एम्स से आई 17 मरीजों की रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई। 3 दिन में वे कई मरीजों का इलाज कर चुकी हैं और स्टाफ से भी मिलती रही हैं। सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जडिय़ा के मुताबिक, डॉक्टर लखनऊ गई थीं, वहां से झांसी होते हुए पिछले हफ्ते इंदौर आईं। उनके 10-15 दिन ट्रैवल करने की बात सामने आई है। उनकी कॉन्टैक्ट हिस्ट्री निकाल ली है। करीब 20 लोग उनके संपर्क में आए थे। इन सभी को क्वारैंटाइन किया जाएगा। यदि किसी में लक्षण दिखे तो सैंपल भी लेंगे।
महामारी का जायजा लेने आएगा केंद्रीय दल
इंदौर में बढ़ते कोरोना मरीजों को लेकर केंद्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ती जा रही है। गुरुवार को नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी) की टीम इंदौर पहुंचेगी जो यहां कोरोना पॉजिटिव मरीजों को दिए जाने वाले इलाज के साथ ही व्यवस्थाओं का जायजा भी लेगी। सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जडिय़ा ने बताया कि टीम के पहुंचने के बाद ही अन्य जानकारियां मिल सकेंगी। वहीं एम्स भोपाल से भी टीम आएगी जो क्वारंटाइन और आइसोलेशन सेंटर की जानकारी लेगी। साथ ही डॉक्टर्स और स्टाफ को लेकर भी जानकारी जुटाई जाएगी। इंदौर में स्थिति को देखते हुए एपिडिमायोलॉजिस्ट की नियुक्ति भी हो गई है। डॉ. अनिल सिंह ने मुरैना से आकर चार्ज लिया।
इधर, संक्रमित जूनियर डॉक्टर के सम्पर्क में आए इन्दौर के 13 डॉक्टर्स को क्वारंटाइन किया गया है। कोरोना ने शहर के 6 नए इलाकों में दस्तक दे दी है, इससे शासन-प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है।
एमजीएम मेडिकल कॉलेज द्वारा जारी ‘कोरोना हेल्थ बुलेटिन’ के अनुसार 1 अप्रैल को रात 8 बजे तक कुल 98 सैंपल प्राप्त हुए, इनमें 66 सैंपल इंदौर व 32 सैंपल अन्य जिलों से प्राप्त हुए है। एम.वाय. अस्पताल की ओपीडी में सर्दी-खांसी व अन्य लक्षणों के साथ 243 मरीजों को देखा गया, इनमें से करीब 60 मरीज संद‍िग्ध नज़र आए। बताया गया कि 1 अप्रैल को एमजीएम मेडिकल कॉलेज की लैब में 65 सैंपल जॉंचे गए, इनमें 41 सैंपल नेगेटिव और 12 सैंपल पॉजिटिव पाए गये। जबकि 12 मामलों में जॉंच पूरी नहीं हो सकी है, रिपोर्ट की प्रतिक्षा है। अब तक इस महामारी से यहां 6 लोग मारे जा चुके हैं। इनमें से तीन इन्दौर, दो उज्जैन व एक खरगोन का हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जो नए मामले सामने आए है उनमें 10 पुरूष है, जो 21 से 54 साल के बीच के है। जबकि दो महिलाऍं भी संक्रमित पाए गई है, इनमें अब तक की सबसे उम्रदराज चंदन नगर की गली नं. 11 में रहने वाली 80 वर्षीय वृद्धा और 50/बी स्नेहलतागंज निवासी 53 वर्षीय महिला शामिल है। 63 तंजीम नगर के तीन पुरुषों में संक्रमण पाया गया है, एक दिन पहले इसी इलाके से 9 सदस्य पॉजिटिव मिले है, जो एक ही परिवार के थे। इसके साथ ही 249 खजराना, 288/4 समाजवाद नगर, 17 उदापुरा, 28/3 इकबाल कॉलोनी, 107 अम्बीकापुरी, 91-सी गांधी नगर व 39/2 मोती तबेला में भी एक-एक मामला सामने आया है।
8 की स्थ‍ित‍ि गंभीर
हेल्थ बुलेटिन के अनुसार अस्पतालों में भर्ती 32 पॉजिटिव मरीजों में से 24 मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है, जबकि 8 मरीजों की स्थ‍ित‍ि गंभीर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *