यूपी में एक लाख लोगों को क्वारंटाइन में रखेगी सरकार

लखनऊ, यूपी में दूसरे राज्यों से एक लाख से ज्यादा लोग आए हैं। अब सरकार इन सभी लोगों को क्वारंटाइन में रखकर उनकी निगरानी करेगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पिछले 3 दिनों में दूसरे राज्यों से यहां पहुंचे करीब एक लाख लोगों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि जो एक लाख लोग दूसरे राज्यों से आए हैं, उनके नाम, पते और फोन नंबर की सूची संबंधित जिलाधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है और इन सभी को निगरानी में रखा जाएगा। इसके साथ ही योगी ने इन लोगों को क्वारंटाइन करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने को कहा है। इनमें उनके भोजन तथा रोजमर्रा की जरूरतों पर विशेष ध्यान देने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी बंद के दौरान कोई भूखा न रहे। बता दें कि मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति श्रंखला को और मजबूत करने के निर्देश दिए। सूबे की योगी सरकार द्वारा कोरोनो वायरस लॉकडाउन के बीच फंसे प्रवासी मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए उठाए गए कदमों को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी सराहना हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *