इंदौर में अस्पताल से भागे दो कोरोना संक्रमित मरीज बाद में पकडे गए कल से शहर में पूर्ण लॉकडाउन

इन्दौर,इन्दौर में ‘कोविद हॉस्प‍िटल’ के रूप में च‍िन्ह‍ित ‘मनोरमा राजे क्षय चिकित्सालय’ (एमआरटीबी अस्पताल) में भर्ती कोरोना संक्रमित (पॉजिट‍िव) पाए गए दो मरीज रविवार सुबह अस्पताल से भाग गये। मरीजों के भागने से अस्पताल में हड़कम्प मच गया। बाद में सघन तलाशी के बाद दोनों मरीजों को खजराना में पकड़ लिया गया। इस घटना से अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही उजागर हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षय चिकित्सालय में बनाए स्पेशल वार्ड में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीज शन‍िवार को भी आधा घंटा तक अस्पताल परिसर में घूमता रहा। उस दौरान एक मरीज की मौत के बाद उसके परिजन हंगामा कर रहे थे, कोरोना संक्रमित मरीज भी उन्हीं के बीच शामिल हो गया और अस्पताल की व्यवस्थाओं को कोसने लगा। जब स्टॉफ ने उससे पूछताछ की तो पता चला कि वह स्पेशल वार्ड का पेशेंट है। स्टाफ ने उसे फटकार लगाकर वापस स्पेशल वार्ड में भेजा। रविवार सुबह कर्फ्यू में छूट अवध‍ि के दौरान अस्पताल के स्पेशल वार्ड से यह पेशेंट एक अन्य मरीज के साथ भाग गया। बाद में सघन तलाशी के बाद उन दोनों मरीजों को खजराना में पकड़ लिया गया। इधर,कल 30 मार्च से तीन दिनों के लिए टोटल लॉकडाउन रहेगा। पेट्रोल पंप सहित किराना सब्ज़ी दूध कोई भी दुकानें नहीं खोली जा सकेगी। सड़कों पर कोई भी वाहन नहीं चलेगा। दो पहिया चार पहिया वाहन किसी भी स्थिति में सड़क पर दिखाई नहीं देंगे। जिन घरों में कोरोना के मरीज़ मिले हैं, उनके इर्द गिर्द रहने वालों को Quarintine सेंटर में रखा जाएगा। शहर में मज़दूर वर्ग बेसहारा और बिना छत के नहीं रहेगा। उनके लिए राधा स्वामी डेरे में व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिए गए। बैठक में आई.जी. इंदौर विवेक शर्मा, कलेक्टर मनीष सिंह, डीआईजी हरिनारायणा चारी मिश्र सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में संभागायुक्त त्रिपाठी ने कहा कि टोटल लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले और कोरोना की सैमपोलिंग में बाधा डालने वालों और स्वास्थ्य विभाग की टीम से असहयोग करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा के एक स्थान का चयन कर खुली जेल घोषित किया जाएगा और टोटल लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को इस जेल में रखा जाएगा। बैठक में आयुक्त नगर निगम आशीष सिंह ने बताया कि नगर निगम राजस्व और पुलिस के संयुक्त टीम बना ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *