माउंट माउंगानुई, टीम इंडिया ने मेजबान न्यूजीलैंड को पांचवे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में सात रनों से हराने के साथ ही इतिहास रच दिया है। इसी के साथ ही भारतीय टीम 5-0 से टी20 सीरीज जीतने वाली दुनिया में पहली टीम बन गयी है।
इस मैच में टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। रोहित के अर्धशतक 60 रनों के साथ ही लोकेश राहुल के 45 और श्रेयस अय्यर के 33 रनों की सहायता से भारतीय टीम ने 20 ओवरों में तीन विकेट पर 163 रन बनाये। इस प्रकार मेजबान न्यूजीलैंड को जीत के लिए 164 रनों का लक्ष्य मिला जिसका पीछा करते हुए एक बार फिर कीवी टीम लड़खड़ा गयी और 9 विकेट पर 156 रनों पर ही सिमट गयी। टीम इंडिया की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 12 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि नवदीप सैनी और शार्दुल ठाकुर ने दो-दो विकेट लिए। मेजबान न्यूजीलैंड अब तक अपनी मेजबानी में तीन या उससे अधिक मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज के सभी मैच पहली बार हारी है। इससे पहले उसे अपनी धरती पर एक बार इंग्लैंड के हाथों 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था।
इस मैच में कप्तान के तौर पर वापसी करने वाले रोहित ने युवा संजू सैमसन को पारी की शुरुआत के लिए भेजा। सैमसन अवसर का लाभ नहीं उठा पाये और केवल दो रन ही बना पाये। इसके बाद रोहित 60 और राहुल 45 की पारियों ने भारत को संभाला। रोहित ने मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पेवेलियन लौटने से पहले 41 गेंदों पर 60 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। उन्होंने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी की। इनके अलावा श्रेयस अय्यर ने 31 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाए।
भारत ने पावरप्ले में एक विकेट पर 53 रन बनाए। रोहित ने चौका लगाकर 35 गेंदों पर अपना 21वां अर्धशतक पूरा किया। रोहित और राहुल के आउट होने के बाद कीवी गेंदबाज हावी होने लगे। स्कॉट कगलिन ने 25 रन देकर 2 जबकि हामिश बेनेट ने 21 रन देकर 2 विकेट लिए। रोहित के बाहर लौटने के बाद मनीष पांडे ने चार गेंदों पर नाबाद 11 रन बनाये। इसमें एक छक्का और चौका रहा। वहीं अय्यर डेथ ओवरों में तेजी से रन नहीं बटोर पाये।
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे ओवर में ही जसप्रीत बुमराह ने मार्टिन गप्टिल को पांच रनों पर पेवेलियन भेज दिया। कोलिन मुनरो भी केवल 15 रन बनाकर आउट हो गये। चौथे ओवर में टॉम ब्रूस भी शून्य पर ही पेवेलियन लौट गये।
इसके बाद टिम सिफर्ट और रॉस टेलर ने पारी संभालने का प्रयास किया। इस जोड़ी ने युवा खिलाड़ी शिवम दुबे के एक ओवर में 4 छक्के और 2 चौके लगाकर कुल 34 रन बटोरे। यह टी-20 में किसी भी भारतीय का सबसे महंगा ओवर रहा। इससे पहले स्टुअर्ट बिन्नी ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ 2016 में 32 रन दिए थे।
सिफर्ट और टेलर ने चौथे विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी की। इस जोड़ी को युवा गेंदबाज नवदीप सैनी ने तोड़ा। उन्होंने सिफर्ट को 50 रनों के निजी स्कोर पर पेवेलियन भेजा। सिफर्ट ने 30 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके बाद डेरिल मिशेल को दो रन के निजी स्कोर पर बुमराह ने बोल्ड कर दिया।
युवा गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने 17वें ओवर में मिशेल सेंटनर 6 और स्कॉट 0 को 3 गेंदों के भीतर आउट कर दिया। इसके बाद टेलर के आउट होते ही कीवी टीम की उम्मीदें टूट गयीं। टेलर ने 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 53 रन बनाए। टी20 रैंकिंग में पाकिस्तान, आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बाद सीरीज में कलीन स्वीप करने वाली टीम इंडिया पांचवीं टीम है।
इससे पहले भारत ने विदेशी धरती पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-0 से जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की थी। वहीं कप्तान विराट कोहली ने कप्तान के रुप में सबसे ज्यादा दस टी20 सीरीज जीती हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका के कप्तन डू प्लेसिस के नाम नौ सीरीज जीत का रिकार्ड है।
भारत ने अंतिम मुकाबले में न्यूजीलैंड को सात रनों से हराकर टी20 सीरीज 5-0 से जीती