छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार पर शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य किये जायेंगे निलंबित

सौंसर, शासकीय महाविद्यालय सौंसर की छात्राओं ने प्राचार्य की अश्लील व्यवहार करने को लेकर स्थानीय प्रशासन से शिकायत की थी। जिसके बाद शुक्रवार को प्रशासनिक टीम ने शासकीय महाविद्यालय पहुंचकर मामले की जांच कर पंचनामा बनाते हुए निलंबन की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन बनाकर जिला कलेक्टर एवं उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया गया।
गौरतलब है कि छात्राओं ने गुरुवार को ज्ञापन में बताया था कि शासकीय महाविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को प्राचार्य के द्वारा अभद्र, अमर्यादित अश्लील बाते की जाती है, गुरुवार को प्राचार्य सुमन बरवा के द्वारा दो छात्राओं के साथ अश्लीलता पूर्वक गलत नजरिए से बातचीत की गई। साथ ही प्राचार्य के द्वारा धमकाते हुए तुम्हारा शैक्षणिक भविष्य बर्बाद करने की धमकी भी दी गई थी।
प्रशासन का अमला पहुंचा शासकीय महाविद्यालय
छात्राओं के साथ में किये जा रहे अपमानजनक व्यवहार को लेकर शुक्रवार को सौंसर एसडीएम ओमप्रकाश सनोडिया, तहसीलदार डॉ. अजय भूषण शुक्ला के साथ प्रशासनिक टीम, पुलिस के साथ में शासकीय महाविद्यालय पहुंचकर प्राचार्य को अशोभनीय व्यवहार को लेकर जमकर लताड़ लगाई।
प्राचार्य सुमन बरवा का डॉ एनके शात्री की उपस्थिति में डॉ संदीप नखाते और टीम के द्वारा मेडिकल चेकअप किया गया। साथ ही शिकायतकर्ता छात्राओं के साथ-साथ शासकीय महाविद्यालय स्टाफ के भी बयान दर्ज किए। शिकायती के बाद जांच के दौरान प्रशासनिक टीम के साथ भी प्राचार्य सुमन बरवा का व्यवहार अशोभनीय रहा। जब टीम में प्रशासन के अधिकारी महाविद्यालय पहुंचे तो प्राचार्य के द्वारा यह कह कर संबोधित किया गया कि तुम कौन हो, और कैसे मेरे महाविद्यालय में आ गए, तुम को अधिकार है, क्या मेरी विभाग की जांच करने की। ऐसी भी जानकारी मिली है, कि डॉक्टरों के द्वारा जो जांच की गई है, उसमें प्राचार्य शराब के नशे में पाया गया है, जांच टीम के सामने छात्राओं के द्वारा प्राचार्य को निलंबित करने की मांग भी की गई।
तहसीलदार डॉ अजय भूषण शुक्ला ने बताया कि छात्राओं के साथ में नशे में अशोभनीय व्यवहार करने को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी, इसके पूर्व भी कई बार ऐसी शिकायतें आ चुकी है। जिसके बाद में प्रशासन की टीम द्वारा शासकीय महाविद्यालय में पहुंचकर प्राचार्य के मामले को लेकर पंचनामा बनाकर मेडिकल जांच की गई। इस रिपोर्ट को जल्दी उच्चाधिकारियों को भेज कर प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसआई ज्योति धुर्वे, शिवम पचौरी, राजस्व निरीक्षक सुरेश उईके, मनीष रुंघे, संदीप लोनारे आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *