भोपाल/ रायपुर, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में दिल्ली की ऐसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल पर बनी फिल्म ’’छपाक’’ को सरकार ने टैक्स फ्री करने का एलान किया है, छत्तीसगढ़ में राज्य माल और सेवा कर से राहत देने का निर्णय लिया है। इसके लिए (एस.जी.एस.टी.) के समतुल्य धनराशि की प्रतिपूर्ति सिनेमा घरों को की जाएगी। जबकि एमपी में सीएम कमलनाथ ने फिल्म को टैक्स फ्री करने की घोषणा की है।
सीजी में आयुक्त राज्य वाणिज्यिक कर जीएसटी ने सभी कलेक्टर, संयुक्त आयुक्त और सहायक आयुक्त राज्य कर छत्तीसगढ़ शासन को फिल्म ’छपाक’ के प्रदर्शन पर प्रवेश हेतु देय राज्य माल और सेवा कर (एस.जी.एस.टी.) के समतुल्य धन राशि की पूर्ति किए जाने के संबंध में निर्देश जारी किए है। जारी निर्देश में कहा गया है कि फिल्म में प्रदर्शन के लिए संबंधित सिनेमा घरों-मल्टीप्लेक्स के प्रचलित सामान्य प्रवेश शुल्क में वृद्धि नहीं की जा सकेगी। मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने इसका स्वागत करते हुए बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज दीपिका पादुकोण अभिनीत एसिड अटैक पीड़िता पर बनी फिल्म ‘‘छपाक’’ जो कि 10 जनवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। यह फिल्म एक ऐसी पीड़ित महिला के संघर्ष, आत्मविश्वास, उम्मीद व जीने के जज्बे की कहानी है जो पीड़ा के साथ -साथ अपने साहस द्वारा समाज में बदलाव का संदेश दे रही है।
दीपिका पादुकोण की फिल्म ’छपाक’को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री किया गया