हमीदिया में मार्च तक शुरु होगा दो हजार बिस्तरों का अस्पताल, सुल्तानिया अस्पताल भी यहां होगा शिफ्ट

भोपाल, नए साल में मार्च के महीने में सरकारी अस्पताल हमीदिया में दो हजार बिस्तरों का अस्पताल तैयार हो जाएगा। इसके बाद यहां सुल्तानिया अस्पताल को भी शिफ्ट कर दिया जाएगा। इस नए अस्पताल के लिए बेड व उपकरणों की खरीदी के बाद जून या जुलाई से यह अस्पताल शुरू हो जाएगा। दो ब्लाक वाले 11 से 13 मंजिला अस्पताल में 24 ऑपरेशन थियेटर, 180 प्राइवेट वार्ड हैं। इसके तैयार होने के बाद सुल्तानिया अस्पताल को भी यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। इससे प्रसूताओं के इलाज में और आसानी हो जाएगी। मालूम हो कि हमीदिया अस्पताल में जनवरी या फरवरी से किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू होने जा रही है। प्रदेश के किसी भी सरकारी अस्पताल में पहली बार यह सुविधा शुरू होने जा रही है। किडनी ट्रांसप्लांट सेंटर को शासन से मान्यता मिल चुकी है। यहां करीब पांच लाख रुपए में किडनी ट्रांसप्लांट हो जाएगा, जबकि निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपए लगते हैं। गरीब मरीजों का आयुष्मान योजना के तहत निशुल्क ट्रांसप्लांट होगा।
प्रदेश के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को टेलीमेडिसिन के जरिए मेडिकल कॉलेजों से जोड़ा जाएगा। इसके लिए भोपाल में प्रदेश स्तरीय कॉल सेंटर बनाया जाएगा। इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में भी टेलीमेडिसिन सेवा के लिए कक्ष बनाया जाएगा। 2020 के अंत तक यह सुविधा शुरू हो जाएगी। एम्स भोपाल में अभी 606 बिस्तर मरीजों को भर्ती करने के लिए हैं। इस साल पूरे 960 बिस्तर शुरू हो जाएंगे। इसके अलावा फैकल्टी के खाली करीब 175 पदों पर भर्ती पूरी हो जाएगी। प्रदेश सरकार 2020 में सभी को स्वास्थ्य का अधिकार देने जा रही है। इसमें गरीब-अमीर सभी का स्वास्थ्य बीमा कराया जाएगा। गरीबों के बीमा का खर्च सरकार उठाएगी, जबकि गरीबी रेखा से ऊपर के मरीजों को इलाज के लिए प्रीमियम की कुछ राशि देना पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *