हरियाणा में ठण्ड का सितम, हिसार में पारा गिरकर पहुंचा 0.3 डिग्री

चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में पड़ रही कड़ाके की ठंड का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। हिसार में पारा नीचे लुढ़ककर 0.3 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि हिसार में पिछली रात मौसम की सबसे ठंडी रात रही, जब न्यूनतम तापमान छह डिग्री नीचे गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के अन्य स्थानों पर भी पारा लुढ़क गया और तत्काल कोई राहत की संभावना नहीं दिख रही है। अगले कुछ दिनों तक कड़कड़ाती ठंड जारी रहने का अनुमान है।उत्तर भारत में हो रही जबरदस्त बर्फबारी का असर देश के मैदानी इलाकों पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
हरियाणा राज्य के सिरसा (दो डिग्री सेल्सियस), नारनौल (तीन डिग्री), रोहतक (3.2 डिग्री) और भिवानी (चार डिग्री) में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम हो गया। हरियाणा में अंबाला (5.5 डिग्री) और करनाल (सात डिग्री) में भी रात बेहद ठंड रही।वहीं पंजाब में,बठिंडा में सबसे कम 2.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अमृतसर में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 5.6 डिग्री, हलवारा 5.5 डिग्री, गुरदासपुर में 5.8 डिग्री और पटियाला में तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में कोहरे का असर रहा, जिससे शुक्रवार सुबह भी दृश्यता कम रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *