उप्र में कैदियों को मिलेगी पीसीओ बूथ की सुविधा, कर सकेंगे परिजनों और वकील से बात

लखनऊ, यूपी की सभी जेलों में पीसीओ बूथ लगाने के लिए जेल आईजी डॉ.पीवीके प्रसाद की तरफ से एक आदेश जारी किया गया है।इस आदेश में आईजी की ओर से एक सप्ताह पूर्व सभी जेलों में नए साल में यह सुविधा शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। वहीं प्रदेश की जेलों के कैदियों को जल्द ही हाईटेक पीसीओ बूथ की सुविधा मिलेगी। इस बूथ से कैदी अपने वकील व परिजनों,सिर्फ दो नंबरों पर बात कर सकते है। नए साल पर कैदियों को यह तोहफा मिल सकेगा।
बता दें कि इसके लिए शासन स्तर पर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं पीसीओ बूथ लगने के बाद जेलों में बंद कैदियों को नए साल में अपने परिजनों से बिना किसी रुकावट के बात करने की इच्छा पूरी होने वाली है। इसके लिए सूबे की सभी जेलों की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
दोनों नंबर पोस्टपेड होने चाहिए
इस सुविधा के लिए कैदी को जेल में अपने दो नंबरों का रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इन्हीं दो नंबरों पर वह बात कर पाएगा। दोनों नंबरों की ये शर्त होंगी कि ये पोस्टपेड होने चाहिए। बंदी दिन में दो बार ही इन दो नंबरों पर परिजनों या अपने वकील से बात कर सकता है। प्रदेश की सभी जेलों में लगाए जाने वाले फोन से कैदी किससे और क्या बात कर रहा है, यह सबकुछ रिकार्ड होगा। किसी भी तरह की गड़बड़ होने पर बंदी की बातें रिकार्ड के माध्यम से पुलिस को सुनवा दी जाएंगी। वहीं जेल अधिकारियों के मुताबिक, कैदियों के लिए पीसीओ की सुविधा बीएसएनल की ओर से दी जाएगी। कॉल करने का पूरा खर्च कैदी या उसके परिजनों को खुद ही उठाना होगा। इसके लिए कैदी जेल में अपनी मजदूरी से पैसा कटवा सकता है या फिर उसके परिजनों को कॉल के आधार पर एडवांस में जेल में यह रकम जमा करवानी होगी।
अभी तक देहरादून की सुद्धोवाला जेल में है मात्र यह सुविधा
देहरादून जेल अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक पीसीओ की सुविधा प्रदेश में देहरादून की सुद्धोवाला जेल में ही शुरू की गई है। इसके अलावा अभी तक यह सुविधा प्रदेश की किसी की जेल में नहीं है। जल्द ही यह सुविधा प्रदेश के सभी जेलों में सुचारु रूप से होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *