सूरज की किरणों से मिलता है हड्डियों और जोड़ों के लिए जरुरी विटमिन डी

नई दिल्ली,मनुष्य को स्वस्थ शरीर के सभी प्रकार विटमिनों की आवश्यकता होती है। विटामिन डी शरीर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। धूप के साथ मुफ्त मिलने के बावजूद आज बड़ी संख्या में लोग इसकी कमी की वजह से कई तरह के रोगों का शिकार हो रहे हैं। जोड़ों का दर्द इन दिनों आम समस्या बन गई है। हर उम्र के लोग इस दर्द का शिकार बन रहे हैं। अक्सर दर्द की वजह विटमिन डी की कमी होती है। हैरानी की बात है कि शहरों में रहनेवाले करीब 80-90 फीसदी लोग विटमिन डी की कमी से होने वाली समस्याओं से जूझ रहे हैं। वजह, अब लोग धूप में ज्यादा नहीं निकलते और न ही पौष्टिक खाना खाते हैं। दिक्कत यह है कि ज्यादातर लोगों को इसकी जानकारी ही नहीं होती या फिर वे जानकर भी इस बात को मानने को तैयार नहीं होते कि धूप न सेंकने की वजह से भी वे बीमार पड़ सकते हैं। बेशक शरीर को मजबूती देने वाली हड्डियों की मजबूती के लिए तो विटमिन डी बड़े काम की चीज है ही, कई दूसरी बीमारियों से भी यह बचाता है।
विटमिन डी की सबसे बड़ी खासियत है कि यह शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व भी है और हॉर्मोन भी। इतना ही नहीं यह सूर्य से मिलने वाला इकलौता विटमिन भी है। सूर्य के अलावा यह विटमिन बादाम, अंडा, मछली, आदि में मिलता है। शरीर के लिए जरूरी विटमिन डी का 80 प्रतिशत हिस्सा धूप से मिलता है, जबकि डायट से 20 प्रतिशत। हड्डियां एक खास उम्र तक ही मजबूत होती हैं। जिन लोगों ने बचपन से लेकर 30 साल की उम्र तक अपनी हड्डियों को बेहतर खान-पान दिया और विटमिन डी को सही रूप से शरीर में जज्ब कराया, अमूमन उम्र बढ़ने के साथ उनकी हड्डियां उतनी कमजोर नहीं होतीं। आप इसे जॉब और पेंशन से भी समझ सकते हैं। जॉब के दौरान सैलरी ज्यादा होगी तो रिटायरमेंट के बाद पेंशन भी उतना ही अच्छा मिलता है। इसलिए बेहतर होगा कि बचपन से लेकर युवा होने तक विटमिन डी ज्यादा से ज्यादा पाने की कोशिश की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *