लखनऊ, उप्र की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मंगलवार को शीतकालीन सत्र के पहले दिन वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए 4210.85 करोड़ रुपये का दूसरा अनुपूरक बजट विधानसभा में पेष किया। सरकार ने इससे पहले वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए 4,79,701.1 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। जबकि बीती 23 जुलाई को सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए 13,594.87 करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया था।
संसदीय कार्य के साथ वित्त मंत्रालय का जिम्मा उठा रहे सुरेष कुमार खन्ना ने द्वितीय अनुपूरक मांगे सदन के पटल पर रखीं। दूसरे अनुपूरक बजट का आकार 4210.85 करोड़ रुपये है। दूसरे अनुपूरक बजट में सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए 500 करोड और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के लिए 200 करोड़ रुपये की मांग की है। अनुपूरक बजट में फरवरी में राजधानी में आयोजित होने वाले डिफेंस एक्सपो और डिफेंस कॉरीडोर परियोजना के लिए भी धनराषि की व्यवस्था की गयी है। डिफेंस एक्सपो के आयोजन के लिए 86.81 करोड़ रुपये आवंटित किये गए हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए हडको से लिए गए ऋण का समय से पहले भुगतान करने के लिए 960.94 करोड़ रुपये आवंटित किये गए हैं।
प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिए भी सरकार ने धनराषि की व्यवस्था की है। सरकार ने जिला चिकित्सालयों को उच्चीकृत कर 13 जिलों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिए 260 करोड रुपये आवंटित किये गए हैं। इसी तरह आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए 32.21 करोड़ रुपये आवंटित किये हैं। निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए प्रस्तावित अटल आवासीय विद्यालयों के लिए भी सरकार ने रकम आवंटित की है। इसके लिए 130 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के जिलों में पराली प्रबंधन के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित किये गए हैं। जबकि 23 वें राष्ट्रीय युवा उत्सव के आयोजन के लिए 18.84 करोड़ आवंटित हुए हैं। वहीं सरकार ने अपने कार्यों और उपलब्धियों के प्रचार प्रसार के लिए 50 करोड़ रुपए की व्यवस्था अनुपूरक बजट में की है।
योगी सरकार ने पेश किया 4210 करोड़ का अनुपूरक बजट