कृषि के क्षेत्र में हो नई क्रांति, गन्‍ना किसानों की समस्याओं का होगा समाधान

नरसिंहपुर, मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र की उन्नति के लिए व्यापक सुधार लाया जायेगा। कृषि में नई क्रांति की आवश्यकता है, जिससे किसानों की क्रय शक्ति बढ़ाई जा सके और उन्हें न्याय मिले। गन्‍ना के उत्पादन और गन्‍ना किसानों के व्यापक हितों को ध्यान में रखकर शासन द्वारा नीति बनाई जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्‍ना‍ किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया जायेगा। उनकी अपेक्षायें पूरी होंगी। मुख्यमंत्री आज नरसिंहपुर जिला मुख्यालय में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों और नौजवानों की क्रय शक्ति बढ़ाकर ही आर्थिक गतिविधियों को तेज किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों, नौजवानों तथा प्रत्येक नागरिक की उन्नति के लिए दिये गये वचन, हमारी सरकार को काम करने के लिए मिले मात्र साढ़े सात माह के अल्प समय में ही जमीन में अमल पर आते हुए दिखने और महसूस होने लगे हैं। प्रदेश में प्रथम चरण में 21 लाख किसानों के कृषि ऋण माफ हुये हैं और नरसिंहपुर जिले में 20 हजार 322 किसानों के कृषि ऋण माफ हुये हैं। कृषि ऋण माफी की निर्धारित प्रक्रिया निरंतर चल रही है और शेष कर्ज राशि भी शीघ्र माफ होती जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार को खाली खजाना मिला था। किसान, नौजवान सहित समाज का हर वर्ग हताशा की स्थिति में था। कृषि, उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्साह और निवेश की कमी हो रही थी। अब राज्य सरकार की जनहितैषी नीतियों से सकारात्मक बदलाव को महसूस किया जाने लगा है। जनता सहित निवेशकों में मध्यप्रदेश के लिए विश्‍वास बढ़ा है। यही विश्‍वास निवेश को आमंत्रित कर रहा है। निवेश को बढ़ाकर नौजवानों को बेहतर रोजगार देकर उनके भविष्य को सुरक्षित बनाया जायेगा और इस बड़ी चुनौती को राज्य सरकार स्वीकार कर चुकी है। राज्य सरकार ने साढ़े सात माह की अल्प अवधि में ही अपनी सकारात्मक नीति और नियत का परिचय दे दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खाली खजाना मिलने के बाद भी जनकल्याण के कार्यों के लिए वित्त का इंतजाम सरकार ने किया। मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि आज ये दोनों जिले चहुंमूखी विकास के कारण बहुत बदल गये हैं। पहले इन दोनों जिलों में आने वाले लोग आज यहां हुए बड़े परिवर्ततन को स्पष्ट रूप से देखते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि जब भी मुख्यमंत्री श्री नाथ से जिले की विकास की चर्चा करने जाता हूं, उसके पहले से ही नाथ के पास जिले के विकास का ब्लू प्रिन्ट रखा होता है। विश्वास के प्रतीक के रूप में स्थापित प्रदेश सरकार मुखिया से उन्होंने नरसिंहपुर में विधि महाविद्यालय, कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय, बिलथरी- कोठारी नर्मदा नदी पर पुल, डोभी में 30 बिस्तरीय अस्पताल, तेन्दूखेड़ा से सहजपुरा 17 किमी लम्बाई की सड़क निर्माण कराये जाने की माँग रखी। साथ ही जिले में इंडोर स्टेडियम एवं क्रिकेट स्टेडियम की स्वीकृति प्रदान कर जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रदेश पर ही नहीं वरन राष्ट्रीय स्तर पर अपना मुकाम स्थापित करने की सौगात की भी मॉग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। अब निवेशक भी प्रदेश आने के लिये तैयार है। उन्हे उम्मीद ही नही बल्कि पूर्व विश्वास है कि प्रदेश में विकास का पहिया अनवरत चलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *