क्रिकेट सलाहकार समिति से अब कपिल देव का भी इस्तीफा

मुम्बई, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने भी क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) के अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कपिल से पहले सीएसी की एक और सदस्य और पूर्व महिला क्रिकेटर शांता रंगास्वामी ने अपना इस्तीफा दिया था। इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के नैतिक अधिकारी डीके जैन ने क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) के तीनों सदस्यों को नोटिस भेजा था, जिसके एक दिन बाद ही दो सदस्यों के इस्तीफे हो गये हैं। सीएसी के तीसरे सदस्य अंशुमन गायकवाड़ हैं।
कपिल ने पद छोड़ने की वजह का तो खुलासा नहीं किया है पर प्रशासकों की समिति (सीओए) को ई-मेल कर अपने फैसले की जानकारी दी है। कपिल ने सीओए प्रमुख विनोद राय और बीसीसीआई के सीईओ राहुल जौहरी को ई-मेल में लिखा, ‘खास तौर पर पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच का चयन करने के लिए एड-हॉक सीएसी का हिस्सा बनना खुशी की बात थी। अब मैंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है।’
वहीं इससे पहले मध्‍य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के आजीवन सदस्‍य संजीव गुप्‍ता ने सितंबर में सीएसी के सदस्‍यों के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत में गुप्‍ता ने दावा किया था कि सीएसी के सदस्‍य कई भूमिकाएं एक साथ निभा रहे हैं। गुप्‍ता ने कहा था कि कपिल इसलिए हितों का टकराव कर रहे हैं, क्‍योंकि वह कमेंटेटर हैं, फ्लडलाइट कंपनी के मालिक हैं और सीएससी के अलावा भारतीय क्रिकेटर्स एसोसिएशन के सदस्‍य भी हैं। वहीं, शांता भी भारतीय क्रिकेटर्स एसोसिएशन और सीएसी समेत कई पदों पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *