इन्दौर,अगले साल जिम्बाब्वे की जगह श्रीलंका टीम का दौरा तय हो गया है। जनवरी 2020 में श्रीलंका भारत में तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगा। इन्दौर के लिए खुशख़बर है कि सीरिज का दूसरा टी-20 मुकाबला म.प्र. क्रिकेट एसो. के होलकर स्टेडियम में 7 जनवरी को खेला जायेगा।
टीम इंडिया के लिए हमेशा भाग्यशाली रहे होलकर स्टेडियम में महेन्द्रसिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम ने जितने भी वन-डे व टी-20 मैच खेले है, उनमें जीत दर्ज की है। श्रीलंका के खिलाफ रोहित शर्मा टी-20 मैच में शतक भी जमा चुके है, 2016 में खेला गया पहला टेस्ट भी टीम इंडिया ने जीता था।
भारत दौरे पर अगले साल श्रीलंकाई टीम 5 जनवरी को टी-20 मुकाबला गुवाहाटी में, दूसरा 7 जनवरी को इन्दौर में और तीसरा 10 जनवरी को पुणे में खेलेगी। श्रीलंका के पहले जिम्बाब्वे का भारत आना तय माना जा रहा था, लेकिन आईसीसी द्वारा जिम्बाब्वे के निलंबन के बाद बीसीसीआई ने श्रीलंका को भारत में श्रृंखला के लिए आमंत्रित किया है।
नवम्बर है बांग्लादेश से टेस्ट मैच
उल्लेखनीय है कि इन्दौर में आगामी 14 से 18 नवम्बर तक भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट मैच भी खेला जाना है, जो पहले से तय है। बांग्लादेश 3, 7 व 10 नवम्बर को तीन टी-20 मैच खेलेगी, जबकि दो टेस्ट मैच भी खेलेगी। इस सीरिज का पहला टेस्ट इन्दौर में और दूसरा टेस्ट कोलकाता में 22 से 26 नवम्बर के बीच खेला जायेगा। 2019 में बांग्लादेश के अलावा वेस्टइंडीज की टीम भी भारत दौरे पर आ रही है। यह दौरा 6 से 22 दिसम्बर तक होगा। दौरे में वेस्टइंडीज की टीम तीन टी-20, तीन एक दिवसीय मुकाबले खेलेगी।
भारत-श्रीलंका के बीच 7 जनवरी को इन्दौर में खेला जायेगा टी-20 क्रिकेट मैच