सोनिया से मिले नाथ, मप्र कांग्रेस का अध्यक्ष कमलनाथ और सिंधिया के बीच सहमति से तय होगा

नई दिल्ली, मध्यप्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष अब ज्योतिरादित्य सिंधिया के विदेश प्रवास से लौटने के बाद कमलनाथ और सिंधिया के बीच सहमति से ही तय हो सकेगा। इस पद पर चयन को लेकर कांग्रेस के प्रभारी महासचिव दीपक बावरिया ने अपनी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंप दी है। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलकर उन्हें मध्य प्रदेश के बारे में जानकारी देते हुए चर्चा की है।
इधर, राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों विदेश प्रवास पर है। वह 10 सितंबर को स्वदेश वापस लौट आएंगे। उसके बाद ही मध्यप्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नाम तय हो सकेगा। 12 सितंबर को सोनिया गांधी ने देशभर के प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्षों की बैठक बुलाई है। उम्मीद की जा रही है कि इसके पहले ही मध्य प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष का नाम घोषित कर दिया जाएगा। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, गृहमंत्री बाला बच्चन, वन मंत्री उमंग सिंघार, मंत्री ओमकार सिंह मरकाम एवं रामनिवास रावत के नाम पिछले कई दिनों से चर्चाओं में बने हुए हैं । इसी बीच प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दिग्विजय सिंह का नाम सामने आने के बाद पार्टी में सियासी लड़ाई ने झगड़े का रूप ले लिया। सूत्रों की माने तो अब दिग्विजय सिंह दौड़ से बाहर हो चुके हैं। वही एक नया नाम प्रभु राम चौधरी का जुड़ गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर मध्यप्रदेश का सियासी बवाल अभी भी राख में दबी हुई, अग्नि के समान गरम बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *