बारिश से नदी, नाले उफान पर नाले में बहे व्यक्ति का नही चला पता

अशोकनगर, मंगलवार की रात से शुरु हुई बारिश अभी भी जारी है । लगातार तीन दिन से कभी तेज, तो कभी रिमझिम बारिश के कारण जिले के नदी नाले उफान पर हैं। इस भारी बारिश में जिला मुख्यालय से लगे मगरदा के पास नाले में एक व्यक्ति वह गया। घटना रात करीब 11 बजे की घटना बताई जा रही है। मोटरसाइकिल तो बरामद हो गई है मगर वह चुके व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी नही है।
लगातार बारिश के कारण बुधवार की रात मोहरी रोड पर स्थित नाला उफान पर आ गया था। इसी बीच रात करीब 11 बजे अशोकनगर से अपने गांव जा रहे मोहरी निवासी महेंद्र सिंह चीमा पुत्र कर्नल सिंह ने जब कृषिमंडी के पास बने इस नाले के ऊपर से निकलने का प्रयास किया, तो महेन्द्र सिंह पुलिया के ऊपर से बह रहे पानी की चपेट में आ गये। गुरुवार की सुबह महेन्द्र सिंह की मोटर साइकिल तो नाले से कुछ दूर मिल गई। मगर महेंद्र सिंह का कोई पता नही चल सका। परिजनों ने बताया कि रात में पुलिस को सूचना दी मगर कई घण्टो तक पुलिस मौके पर नही पहुँची। घटना के करीब एक-डेढ़ घण्टे बाद रात में प्रशासन व बचावदल मौके पर पहुंच गया था। जिसके बाद सभी जगह सर्चिंग के बाद कुछ दूरी पर उनकी बाइक मिल गई लेकिन गुरुवार की शाम तक महेन्द्र सिंह का कोई सुराग नहीं लग सका था। बताया जा रहा है कि घटना के समय नाले पर करीब 4 से 5 फुट पानी था। पानी का बहाव बहुत तेज होने के कारण बाइक सवार अपने आप को संभाल नहीं सके और बह गए। महेन्द्र सिंह के साथ नाले में दो अन्य लोग भी बहे थे। लेकिन वह सरिय व झाड़ी पकड़ में आ जाने से वे बच गए और नाले से बाहर निकल आए।
सर्चिंग ऑपरेशन जारी:
जब रात के समय महेन्द्र सिंह का कोई सुराग नहीं लगा, तो गुरुवार की सुबह होमगार्ड पुलिस व प्रशासन की टीम ने सर्चिंग ऑपरेशन शुरु किया गया। मोहरी रोड से सर्चिंग के बाद अब टीम आगे की तरफ बढ़ते हुए मडख़ेड़ा तक पहुंची। इस दौरान एसडीएम सुरेश जाधव, तहसीलदार इसरार खान सहित नायब तहसीलदार, पटवारी व होमगार्ड तथा कोतवाली पुलिस का बल भी मौजूद रहा। लेकिन गुरुवार की शाम तक महेन्द्र सिंह का कोई सुराग नहीं लग सका था।
नहीं लगे संकेतक:
पुलिया पर ना तो संकेतक लगे हैं और ना ही नाला चढऩे के बाद लोगों को निकलने से रोकने के लिए जवानों की तैनाती की गई। जबकि कलेक्टर डॉ. मंजू शर्मा ने बारिश से पहले समस्त तैयारियां पूर्ण करने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिये गए थे। लेकिन कलेक्टर के आदेशों के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया गया जिसके के कारण यह हादसा हुआ।
जिले में अब तक 569.25 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज:
जिले में 1 जून से 8 अगस्त तक 569.25 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिले की सामान्य औसत वर्षा 882.00 मिलीमीटर है। अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 01 जून से 08 अगस्त 2019 तक जिले के वर्षामापी केन्द्र अशोकनगर में 668 मिलीमीटर, चंदेरी में 605 मिलीमीटर, ईसागढ़ में 417 मिलीमीटर, मुंगावली में 587 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जिले में बीते 24 घंटे में 08 अगस्त 2019 को प्रात: 8 बजे तक 98.75 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। वर्षामापी केन्द्र अशोकनगर में 186.00 मिलीमीटर, चंदेरी में 93.00 मिलीमीटर, ईसागढ़ में 10.00 मिलीमीटर तथा मुंगावली में 106.00 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
नदी चढऩे के कारण नहीं पहुंची 108:
सुमन पत्नी जगदीश अहिरवार निवासी गहराई थाना पिपरई रात में प्रसव पीड़ा होने पर परिवार जन और आशा कार्यकर्ता गर्भवती महिला को जिला चिकित्सालय प्रसव के लिए ला रहे थे। लेकिन गांव की नदियां झडऩे के कारण 108 एंबुलेंस गांव में नहीं पहुंच सकी। जिसके कारण महिला के परिजन उसे गुना-बीना ट्रेन से अशोकनगर ला रहे थे। इसी बीच महिला ने धनोतिया गांव पर एक नन्ही सी बालिका को जन्म दे दिया। इसके बाद परिजन अशोकनगर आए और जिला अस्पताल में दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। दोनों के स्वस्थ होने पर प्रसूति वार्ड में भर्ती किया गया।
इनका कहना:
मोहरी निवासी महेन्द्र सिंह कि पानी बहने की सूचना मिली थी तो उसकी जांच कराई तो उनकी मोटरसाइकिल तो मिल गई। पर वह अभी तक नही मिले हैं। उनके घर पर भी पता किया तो घर वालों ने बताया कि अभी घर नहीं आये। इसके बाद गोताखोरों को बुलवाकर ढूड़वाया जा रहा है औ होमगार्ड जवानों की भी मदद ली जा रही है। अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।
इशरार खान, तहसीलदार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *