हरा भोपाल-शीतल भोपाल” बने जन-आंदोलन- मोहंती

भोपाल,मुख्य सचिव सुधि रंजन मोहंती ने कहा है कि ‘हरा भोपाल-शीतल भोपाल’ अभियान में भोपाल में 11 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य है। इसके लिए पौधा-रोपण को जन-आन्‍दोलन बनाना होगा। शासकीय एजेंसियों के साथ सामाजिक संस्थानों के सहयोग और व्यक्तिगत पहल से ही यह संभव होगा। मोहंती आज मंत्रालय में ‘हरा भोपाल-शीतल भोपाल’ अभियान के क्रियान्वयन के लिए गठित कार्य- समूह की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।
मोहंती ने कहा कि सम्पूर्ण प्रदेश में पौधा-रोपण को प्रोत्साहित किया जाना चाहिये। इसके लिये नागरिकों की भागीदारी और जुड़ाव विकसित करने के लिए पौधे कम कीमत पर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। मात्र 10 रूपये की दर पर पौधे उपलब्ध कराये जा रहे हैं। मोहंती ने पौधा-रोपण में स्थानीय पर्यावरण और परिवेश की दृष्टि से उपयुक्त पौधे लगाने का सुझाव भी दिया। स्थानीय प्रजातियों जैसे आँवला, हर्रा, आम, जामुन, नीम, महुआ, पीपल, बरगद, सागौन, अर्जुन, मुनगा, नीबू, सीताफल, कदम्ब, मोरसी, अमरूद आदि का उल्लेख है। इन्हीं पौधों के रोपण को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मोहंती ने कहा कि पौधा-रोपण के इच्छुक व्यक्तियों को पौधा माँग-पत्र सरलता से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाये। इसके लिए घर-घर माँग-पत्र वितरित कराने के निर्देश दिये गये।
मोहंती ने कहा कि पौधा-रोपण को जन-अभियान बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पौधा-रोपण की दिशा में हो रहे प्रयासों को सकारात्मक रूप से प्रचारित-प्रसारित करने में सहयोग की मीडिया से अपील की। श्री मोहंती ने कहा कि इसे सामाजिक जवाबदेही बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि भवन निर्माण में पेड़ नहीं काटने पड़े। जरूरी होने पर कटने वाले पेड़ों की संख्या से दस गुना अधिक पौधे लगाना अनिवार्य किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *